नगर निगम मुख्यालय में पूर्व मेयर श्रीप्रकाश जायसवाल को दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि
पूर्व मेयर व पूर्व केंद्रीय मंत्री दिवंगत श्रीप्रकाश जायसवाल के नाम से सड़क, चौराहा और पार्क का नामकरण होगा। यह घोषणा सोमवार को महापौर प्रमिला पांडेय ने नगर निगम मुख्यालय में आयोजित शोकसभा में दी। उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि देते हुए उनके सम्मान में 2 दिसंबर को नगर निगम एवं जलकल विभाग कार्यालय बंद रखने की घोषणा की। नगर निगम मुख्यालय में दोपहर 2:30 बजे महापौर प्रमिला पांडेय, पार्षदों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने पूर्व मेयर श्रीप्रकाश जायसवाल के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रद्धांजलि सभा में महापौर ने कहा कि श्रीप्रकाश जायसवाल राजनीतिक रूप से भले ही अलग विचार के रहे हों, लेकिन वह मुझे हमेशा बहन जैसा स्नेह देते थे। महापौर ने घोषणा की कि पोखरपुर स्थित उनके आवास के सामने बने पार्क तथा पोखरपुर जाने वाले प्रमुख चौराहे का नामकरण श्रीप्रकाश जायसवाल के नाम पर कराया जाएगा। महापौर ने बताया कि घंटाघर के पास कैनाल पटरी पर भी उनका पैतृक आवास था। यदि इस सड़क का अब तक कोई नामकरण नहीं हुआ होगा तो उसे भी दिवंगत पूर्व मेयर के नाम से समर्पित किए जाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। श्रद्धांजलि सभा में भाजपा पार्षद दल के नेता नवीन पंडित, कांग्रेस पार्षद दल के नेता सुहेल अहमद, जितेंद्र चौरसिया, पवन पांडेय,रामनारायन, अमित जायसवाल, राशिद महमूद, पूर्व पार्षद अर्पित यादव, निशा अकील शानू, कर्मचारी नेता रमाकांत मिश्रा, मुन्ना हजारिया, विनोद आदि मौजूद रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Dec 01, 2025, 21:53 IST
नगर निगम मुख्यालय में पूर्व मेयर श्रीप्रकाश जायसवाल को दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि #SubahSamachar
