अमृतसर देहाती पुलिस की गैंगस्टरों पर सख्ती, एयरपोर्ट रोड पर स्पेशल नाकाबंदी

अमृतसर देहाती पुलिस ने पंजाब सरकार के “गैंगस्टर्स पर वार” अभियान के तहत एयरपोर्ट रोड पर विशेष नाकाबंदी कर व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस टीमों ने सड़कों, सार्वजनिक स्थानों और वाहनों की सघन जांच की। संवेदनशील मार्ग होने के कारण एयरपोर्ट रोड और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात किया गया। एसएसपी सोहेल मीर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि यह अभियान राज्य सरकार की स्पष्ट नीति का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य गैंगस्टरवाद पर पूरी तरह अंकुश लगाना है। उन्होंने बताया कि प्रदेशभर में एक साथ चेकिंग की जा रही है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई हो सके। एसएसपी ने कहा कि अमृतसर देहाती क्षेत्र में पहले भी कई गैंगस्टरों और उनके सहयोगियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अब अभियान को और तेज किया गया है। गैंगस्टरों को लॉजिस्टिक या आर्थिक सहायता देने वालों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि लगातार पुलिस उपस्थिति से जहां आम जनता में विश्वास बढ़ता है, वहीं अपराधियों को सख्त संदेश जाता है कि गैंगस्टरवाद किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अभियान आगे भी जारी रहेगा।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 14, 2026, 11:29 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


अमृतसर देहाती पुलिस की गैंगस्टरों पर सख्ती, एयरपोर्ट रोड पर स्पेशल नाकाबंदी #SubahSamachar