सेरी मंच पर 2 मार्च को होगा होली का भव्य आयोजन, शर्तों के साथ प्रशासन की हरी झंडी

मंडी शहर के सेरी मंच पर होली के उपलक्ष्य पर होने वाले भव्य आयोजन को मंडी जिला प्रशासन ने हरी झंडी दे दी है। इससे पहले होली आयोजन को लेकर प्रशासन ने एक दर्जन से ज्यादा शर्तों को लगाते हुए आयोजन करने के आदेश जारी किए थे, जिन्हें पूरा न होता देख आयोजकों ने आयोजन से हाथ पीछे खींच दिए थे। लेकिन शनिवार को आयोजकों और प्रशासन के बीच हुई बैठक में कई बातों पर सहमति बनी और प्रशासन ने कुछ शर्तों में ढील देते हुए आयोजन को हरी झंडी दे दी है। आयोजक धर्मेंद्र राणा, मोनिका ठाकुर और कर्तव्य वैद्य ने आयोजन में सहयोग करने के लिए डीसी मंडी अपूर्व देवगन सहित जिला प्रशासन के सभी अधिकारियों का आभार जताया। बताया कि प्रशासन ने कुछ शर्तों में ढील जरूर दी है लेकिन यह ढील हुड़दंग करने वालों के लिए नहीं है। प्रशासन ने सख्त निर्देश जारी किए हैं कि शराब पीकर न तो कोई हुड़दंग करेगा, न ही गाड़ी चलाएगा और न ही बीना हेल्मेट के कोई टू व्हीलर चलाएगा। इन सभी परिस्थितियों में ऐसे लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी होगी और उनके चालान भी काटे जाएंगे। महिलाओं और पुरूषों के लिए अलग-अलग ब्लॉक बनेंगे जहां वे आराम से नाच सकेंगे। सेरी मंच पर एंट्री और एग्जिट प्वाइंट बनाए जाएंगे। सुबह साढ़े 10 बजे से लेकर डेढ़ बजे तक ही आयोजन की अनुमति दी गई है। खास बात यह है कि भीड़ की संख्या में छूट दे दी गई है जबकि पहले यह संख्या 3500 निर्धारित की गई थी। आयोजकों ने लोगों से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ होली को मनाने की अपील की है ताकि रंगों के इस पावन त्यौहार को हर्षोल्लास के साथ मनाया जा सके।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 28, 2026, 10:48 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


सेरी मंच पर 2 मार्च को होगा होली का भव्य आयोजन, शर्तों के साथ प्रशासन की हरी झंडी #SubahSamachar