स्वास्थ्य मंत्री बनकर फर्जी कॉल करने वाला आरोपी अमृतसर से गिरफ्तार

पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह के नाम पर फर्जी कॉल कर सिविल अस्पताल प्रशासन पर दबाव बनाने के मामले में अमृतसर पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान हरजीत सिंह निवासी गुरबख्श नगर, अमृतसर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने खुद को कभी स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह और कभी उनके कार्यालय से गुरजीत सिंह बताकर सिविल अस्पताल में फोन कॉल की थी और अधिकारियों को कथित निर्देश देने की कोशिश की। मामला तब सामने आया जब सिविल अस्पताल के स्टाफ को कॉल की आवाज पर संदेह हुआ। कॉल की रिकॉर्डिंग सिविल सर्जन डॉ. सतिंदर सिंह बजाज को सुनाई गई, जिससे स्पष्ट हो गया कि आवाज स्वास्थ्य मंत्री की नहीं है। इसके बाद पटियाला में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह से संपर्क किया गया, जिन्होंने किसी भी तरह की कॉल या निर्देश देने से साफ इनकार किया। मामले की जानकारी पुलिस कमिश्नर अमृतसर गुरप्रीत सिंह भुल्लर को दी गई। तकनीकी जांच और फोन नंबर की ट्रैकिंग के बाद एडीसीपी व सिटी पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि 57 वर्षीय हरजीत सिंह पांचवीं कक्षा तक पढ़ा हुआ है और पेशे से निजी ड्राइवर है। हैरानी की बात यह है कि आरोपी के खिलाफ पहले से ही छह एफआईआर दर्ज हैं। पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी का बेटा सिविल अस्पताल में सुरक्षा गार्ड के रूप में तैनात था, जिसकी ड्यूटी नई सरकारी गाइडलाइनों के चलते बदली जा रही थी। बेटे की नौकरी बचाने के लिए ही आरोपी ने यह पूरी साजिश रची। आरोपी की पत्नी भी सिविल अस्पताल में क्लास-फोर कर्मचारी है। पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल करेगी।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 04, 2026, 05:56 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


स्वास्थ्य मंत्री बनकर फर्जी कॉल करने वाला आरोपी अमृतसर से गिरफ्तार #SubahSamachar