महेंद्रगढ़ में 7,616 विद्यार्थियों ने दी सीबीएसई बोर्ड परीक्षा, 22 विद्यार्थी रहे अनुपस्थित
जिला के 19 केंद्रों पर पहले दिन केंद्रीय माध्यमिक विद्यालय बोर्ड की कक्षा दसवीं की परीक्षा आयोजित की गई। इसमें कक्षा दसवीं के 7,638 में से 7,616 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी जबकि 22 विद्यार्थी अनुपथित रहे। इस दौरान पुलिस की भी तैनाती की गई और पूरी जांच के बाद ही परीक्षार्थियों को केंद्र में प्रवेश दिया गया। बता दें परीक्षा के लिए सीबीएसई गुरुग्राम की ओर से केंद्रों पर ऑब्जर्वर तैनात किए गए हैं। मंगलवार को कक्षा दसवीं गणित विषय की परीक्षा रही। परीक्षा के लिए सुबह साढ़े 9 बजे एंट्री शुरू की गई। इस दौरान विद्यार्थियों की जेब, जूते आदि जांच किए और एडमिट कार्ड भी चेक किया गया। इसके बाद ही विद्यार्थियों को प्रवेश दिया गया। बाद में 10 बजे एंट्री बंद हुई और विद्यार्थियों को उत्तर पुस्तिका दी गई। आधे घंटे बाद विद्यार्थियों को पेपर देकर परीक्षा शुरू करवाई गई। परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर सख्ती रही और पुलिस कर्मचारी भी मौजूद रहे। कर्मचारियों की ओर से केंद्र के चारों ओर गश्त की गई और किसी को भी स्कूल में प्रवेश नहीं दिया गया। परीक्षा के दौरान केंद्रों के पास भी किसी नहीं आने दिया और न ही बाहरी हस्तक्षेप हो पाया। शांतिपूर्ण तरीके से परीक्षा चली। दोपहर करीब डेढ़ बजे परीक्षा संपन्न हुई और सभी विद्यार्थी बाहर आए तो उनके चेहरे पर अलग ही मुस्कान थी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 17, 2026, 16:58 IST
महेंद्रगढ़ में 7,616 विद्यार्थियों ने दी सीबीएसई बोर्ड परीक्षा, 22 विद्यार्थी रहे अनुपस्थित #SubahSamachar
