Meerut: रंगदारी मांगने वाले 6 आरोपी गिरफ्तार, मुठभेड़ में दो के पैर में लगी गोली, आरोपियों ने रची थी चार हत्याओं की साजिश

मेरठ। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के जेवरी गांव निवासी प्लंबर ठेकेदार ललित कुमार से 4 लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाले गिरोह से शनिवार सुबह पुलिस व स्वाट टीम की मुठभेड़ हो गई। पावली फाटक के पास हुई इस मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से गैंग का सरगना पंकज निवासी जेवरी और तनवीर निवासी लोहिया नगर घायल हो गए जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घेराबंदी कर इनके चार अन्य साथियों हर्ष कुमार, अंकित, राहुल और वाहिद निवासी जानी को भी दबोच लिया है। पुलिस पूछताछ में पता चला कि गिरफ्तार आरोपी अंकित दरअसल ठेकेदार ललित के पास ही काम करता था। उसी ने गैंग के सरगना पंकज को ठेकेदार के पास मोटी रकम होने की जानकारी दी थी। इसके बाद 27 मई को बदमाशों ने ललित को फोन कर 4 लाख की रंगदारी मांगी थी और न देने पर 24 घंटे में हत्या की धमकी दी थी। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर सर्विलांस की मदद से पुलिस ने शुक्रवार को पहले हर्ष और अंकित को हिरासत में लिया जिनकी निशानदेही पर बाकी बदमाश मुठभेड़ के बाद पकड़े गए। रची थी चार हत्याओं की साजिश एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले के मुताबिक पूछताछ में सामने आया है कि इस गिरोह ने चार लोगों की हत्या की साजिश रच रखी थी। रंगदारी न मिलने पर ठेकेदार की हत्या की जानी थी। इसके अलावा आरोपी तनवीर अपनी बहन के ससुर की और सरगना पंकज अपने भाई के ससुर की हत्या की फिराक में था। यही नहीं गिरोह ने एक अन्य युवक की हत्या के लिए 5 लाख रुपये की सुपारी लेने की भी तैयारी कर ली थी। बदमाशों के कब्जे से पिस्टल, तमंचा, कारतूस, मोबाइल और मोटरसाइकिल बरामद हुई है। पुलिस आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई कर उनकी अवैध संपत्ति कुर्क करेगी। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 30, 2026, 17:36 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


Meerut: रंगदारी मांगने वाले 6 आरोपी गिरफ्तार, मुठभेड़ में दो के पैर में लगी गोली, आरोपियों ने रची थी चार हत्याओं की साजिश #SubahSamachar