सोनीपत: 190 बुजुर्ग अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर के दर्शन करने के लिए विशेष ट्रेन से हुए रवाना
उत्तर प्रदेश के अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर के दर्शन के लिए शनिवार शाम सोनीपत रेलवे जंक्शन पर पहुंचे 190 बुजुर्ग विशेष ट्रेन से रवाना हुआ। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली व विधायक निखिल मदान ने 190 बुजुर्ग तीर्थ यात्रियों को लेकर अयोध्या धाम के लिए लेकर जाने वाली विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर सोनीपत से रवाना किया। उन्होंने तीर्थ यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखद एवं मंगलमय यात्रा की कामना की। तीर्थ यात्रा पर जाने के लिए जिले के 238 बुजुर्ग ने 22 मार्च तक सरल पोर्टल पर पंजीकरण कराया था। उनमें 190बुजुर्ग स्टेशन पर पहुंचे। बाकी बुजुर्गों ने यात्रा पर जाने से इंकार कर दिया था। अयोध्या दर्शन के लिए ट्रेन में सवार होने के दौरान बुजुर्गों के चेहरों पर अलग ही खुशी दिखाई दी। आस्था का भाव के लिए बुजुर्गों ने प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन का आभार जताया। बुजुर्ग रामकंवार, राजकुमार, बलबीर, खजानी, संतोष व अन्य सभी बुजुर्ग तीर्थयात्रियों ने कहा कि यदि सरकार अपने खर्च पर अयोध्या नहीं भेजती तो उनको पूरी जिंदगी अयोध्या में जाकर रामलला के दर्शन करने का मौका नहीं मिलता। उनके परिवार में आय के इतने साधन नहीं है। बुजुर्ग अयोध्या में राम मंदिर के दर्शन कर चार दिन बाद सोनीपत पहुंचेंगे। प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना हरियाणा के लाखों बुजुर्गों के लिए वरदान साबित हो रही है। सरकार 60 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करवा रही है। योजना के माध्यम से अब तक हजारों बुजुर्ग तीर्थ यात्रा का लाभ उठाकर आध्यात्मिक संतोष प्राप्त कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चुनाव के दौरान बुजुर्गों से जो वादा किया था,तीसरी बार भाजपा सरकार बनने के बाद बुजुर्गों को तीर्थ स्थलों के दर्शन करवाने का संकल्प आज वास्तविकता में बदल चुका है। विधायक निखिल मदान ने कहा कि सरकार की ओर से वरिष्ठ नागरिकों को नि:शुल्क तीर्थ यात्रा का अवसर प्रदान करना वास्तव में सेवा और संस्कार की भावना को दर्शाता है। यह यात्रा उनके जीवन में नई ऊर्जा और आध्यात्मिक संतोष लेकर आएगी। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक भारद्वाज, जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी राकेश गौतम सहित अन्य रेलवे अधिकारी मौजूद रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 28, 2026, 20:51 IST
सोनीपत: 190 बुजुर्ग अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर के दर्शन करने के लिए विशेष ट्रेन से हुए रवाना #SubahSamachar
