Bihar: सात बदमाश, सात मिनट का शूटआउट और एक कारोबारी का साहस; समस्तीपुर में कैसे नाकाम हुई लूट?
बिहार के समस्तीपुर जिले में अपराधियों ने दिनदहाड़े ज्वेलरी शोरूम में लूट की कोशिश कर इलाके में दहशत फैला दी। विभूतिपुर थाना क्षेत्र के पंचवटी चौक स्थित एक ज्वेलरी शोरूम में बोलेरो से पहुंचे सात हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोला। कारोबारी और उनके बेटे ने लूट का विरोध किया तो अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली कारोबारी के पैर में लगी। हालांकि उनके साहस के चलते बदमाश लूट में सफल नहीं हो सके और मौके से भाग निकले। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। बोलेरो से पहुंचे सात बदमाश, चार घुसे दुकान के अंदर प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उजले रंग की बोलेरो से सात नकाबपोश बदमाश पंचवटी चौक पहुंचे। इनमें चार हथियारबंद अपराधी ज्वेलरी शोरूम के अंदर घुस गए, जबकि तीन बदमाश बाहर वाहन में ही बैठे रहे। दुकान में घुसते ही बदमाशों ने हथियार के बल पर लूटपाट की कोशिश शुरू कर दी। कारोबारी ने किया विरोध, बदमाशों ने चला दी गोली दुकान संचालक दिनेश साह और उनके बेटे ने बदमाशों का विरोध किया। इससे बौखलाए अपराधियों ने लगातार फायरिंग शुरू कर दी। गोली दिनेश साह के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गए। गोलीबारी होते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई। लोगों की भीड़ जुटने लगी तो बदमाश लूट छोड़कर फरार हो गए। भागते समय भी करते रहे फायरिंग, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात घटना के सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि बदमाश दुकान से बाहर निकलते समय भी फायरिंग करते रहे। इसके बाद सभी आरोपी बोलेरो में बैठकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर अपराधियों की पहचान शुरू कर दी है। ये भी पढ़ें-बांकीपुर उपचुनाव में राजद ने भाजपा प्रत्याशी की डिग्री पर उठाया सवाल, जानिए पूरा मामला घायल कारोबारी का अस्पताल में इलाज जारी गोली लगने के बाद स्थानीय लोगों ने घायल कारोबारी को पहले विभूतिपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, समस्तीपुर रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है। एसपी ने बनाई एसआईटी, लगातार चल रही छापेमारी घटना की सूचना मिलते ही विभूतिपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने रोसड़ा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनोज कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। व्यापारियों में आक्रोश, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल भीड़भाड़ वाले बाजार में दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद व्यापारियों में भारी नाराजगी है। स्थानीय कारोबारियों का कहना है कि अगर जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आंदोलन करेंगे। अब सबकी नजर इस बात पर है कि सीसीटीवी में कैद हुए बदमाश कब तक पुलिस की गिरफ्त में आते हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 17, 2026, 18:28 IST
Bihar: सात बदमाश, सात मिनट का शूटआउट और एक कारोबारी का साहस; समस्तीपुर में कैसे नाकाम हुई लूट? #CityStates #Darbhanga #Bihar #BiharNews #SubahSamachar
