Mathura: होली पर बरसाना आने वाले श्रद्धालु पढ़ लें ये खबर, वाहनों की एंट्री पर रोक; यहां बनाई गई पार्किंग
राधा रानी की नगरी बरसाने में आज शाम (23 फरवरी) पांच बजे से सीमाएं वाहनों के लिए बंद हो जाएंगी। नगर की देहरी पर बैरिकेडिंग सख्त हो जाएगी और बाहरी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह रोक दिया जाएगा। तीन दिवसीय उत्सव के दौरान कोई भी वाहन कस्बे में प्रवेश नहीं करेगा। प्रशासन ने चार प्रमुख मार्गों पर सख्त व्यवस्था लागू की है। दिल्ली और हरियाणा की ओर से आने वाले वाहन नंदगांव रोड पर ही रोक दिए जाएंगे। मथुरा और गोवर्धन की ओर से आने वालों को गोवर्धन रोड पर बने अस्थायी पार्किंग स्थलों पर खड़ा किया जाएगा। राजस्थान से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहन कामा रोड पर नगर सीमा से पहले ही थाम दिए जाएंगे। छाता और आसपास के क्षेत्रों से आने वाला यातायात छाता रोड पर ही नियंत्रित रहेगा। प्रशासन की ओर से बताया गया है कि नगर सीमा के बाहर 58 अस्थायी पार्किंग स्थलों को अंतिम रूप दे दिया गया है। मैदान समतल किए गए हैं। प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त है। पुलिस बल तैनात रहेगा। हर स्थल पर निगरानी की व्यवस्था रहेगी। शाम 5 बजे के बाद आने वाले सभी वाहनों को सीधे पार्किंग स्थलों की ओर मोड़ा जाएगा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 23, 2026, 00:27 IST
Mathura: होली पर बरसाना आने वाले श्रद्धालु पढ़ लें ये खबर, वाहनों की एंट्री पर रोक; यहां बनाई गई पार्किंग #CityStates #Mathura #BarsanaLathmarHoli #VehicleEntryBan #TrafficDiversionPlan #58ParkingZones #Barricading #HoliSecurityArrangements #RadhaRaniTown #FestivalTrafficControl #SubahSamachar
