Una News: पार्किंग सुविधा के अभाव में नो पार्किंग जोन में खड़े हो रहे वाहन
अंब(ऊना)। जिला में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए कई दावे किए जाते हैं लेकिन धरातल पर सच्चाई कुछ और ही है। बात करें अंब -ऊना रोड की तो यहां पर सरेआम यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। नो पार्किंग जोन घोषित होने के बावजूद सड़क किनारे पार्क वाहनों की लंबी कतारें देखी जा सकती हैं। वाहन चालक इतने बेखौफ हैं कि ठीक नो पार्किंग बोर्ड के नीचे ही गाड़ियां पार्क की जा रही हैं। दरअसल अंब-ऊना मार्ग पर नो पार्किंग के बोर्ड तो लगाए हैं लेकिन पार्किंग स्थल उपलब्ध नहीं है। पार्किंग स्थल न होने के कारण वाहन चालकों को मजबूरी में वाहन सड़कों के किनारे ही पार्क करने पड़ रहे हैं, जिससे न केवल मुख्य मार्ग संकरा हो रहा है बल्कि आए दिन जाम की स्थिति भी पैदा हो रही है। इस मुद्दे को लेकर स्थानीय लोगों ने अपनी चिंता जाहिर की है और प्रशासन से पार्किंग सुविधा उपलब्ध करवाने की मांग की है।बाजार में उचित पार्किंग स्थल न होने से ग्राहक मजबूरन अपनी गाड़ियां दुकानों के आगे खड़ी कर देते हैं। प्रशासन को जल्द से जल्द यहां पार्किंग की उचित व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि लोगों को परेशानी से निजात मिल सके। -अजय शर्मा, स्थानीय दुकानदार -----------------हर रोज इस मार्ग से अपने काम पर जाते हैं लेकिन सड़क किनारे खड़े बेतरतीब वाहनों के कारण उन्हें हमेशा जाम का सामना करना पड़ता है। जब तक प्रशासन एक निश्चित पार्किंग स्थल तय नहीं करता, तब तक केवल नो पार्किंग के बोर्ड लगाने से यह समस्या हल नहीं होगी। -शाद्वल झींगटा, निवासी अंब।----------------पार्किंग की कमी के कारण मजबूरी में लोगों को गाड़ियां सड़क पर छोड़नी पड़ती हैं। यदि वे ऐसा न करें तो बाजार से सामान खरीदना नामुमकिन हो जाता है। सरकार को अंब कस्बे के विकास को देखते हुए एक बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण करना चाहिए ताकि वाहन चालकों को कोई असुविधा न हो। -कुलदीप शर्मा, अध्यक्ष, अंब व्यापार मंडल।-------------सड़क किनारे इस तरह वाहन खड़े होने से दुर्घटनाओं का अंदेशा हमेशा बना रहता है। विशेषकर स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को सड़क पार करते समय काफी परेशानी होती है। प्रशासन से अपील की है कि अस्थायी रूप से ही सही, किसी खाली मैदान को पार्किंग के लिए चिह्नित किया जाए।-व्यापारी अनिल कुमार, अंब
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 13, 2026, 19:28 IST
Una News: पार्किंग सुविधा के अभाव में नो पार्किंग जोन में खड़े हो रहे वाहन #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar
