Varanasi Weather: पूर्वानुमान से 24 घंटे पहले ही मंडराए बादल, बही 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पछुआ
वाराणसी जिले में बारिश के पूर्वानुमान से 24 घंटे पहले ही बादल मंडराने लगे। शनिवार को 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पछुआ हवा बही। बाकी दिनों के मुकाबले तापमान एक से दो डिग्री तक कम ही रहा। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार जिले में बारिश का अलर्ट तो नहीं है, मगर बादल छा सकते हैं। हालांकि पूर्वांचल के कई जिलों में 50 किमी प्रति घंटे की गति से हवा बहने के साथ बारिश हो सकती है। वहीं ओले गिरने के भी संकेत मिले हैं। बनारस को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। शनिवार को वाराणसी शहर का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री ज्यादा, 36.4 डिग्री सेल्सियस तक चला गया। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.1 डिग्री ज्यादा, 20.6 डिग्री सेल्सियस तक आ गया। यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ विज्ञानी डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पूर्वी यूपी के कई जिलों में गरज और चमक के साथ बारिश हो सकती है। झोंकेदार हवा और बादलों की जोरदार गर्जना भी हो सकती है। वहीं वाराणसी में 20 मार्च को बारिश के आसार दिख रहे हैं। उत्तर-पूर्वी उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ से होते हुए एक द्रोणी ओडिशा तक जा रही है। अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान 2-4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 3-5 डिग्री तक गिर सकता है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 14, 2026, 22:42 IST
Varanasi Weather: पूर्वानुमान से 24 घंटे पहले ही मंडराए बादल, बही 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पछुआ #CityStates #Varanasi #VaranasiNews #VaranasiLatestNews #VaranasiWeather #SubahSamachar
