Varanasi Weather: इस मानसून पिछले 50 साल के औसत से 51% कम बारिश, फिर भी गर्मी से राहत; जानें अपडेट
इस मानसून काशी में पिछले 50 वर्षों के औसत की तुलना में आधी से भी कम बारिश हुई है। 79.8 मिमी बारिश के साथ काशी में सामान्य से 51 प्रतिशत और 93.5 मिमी बारिश के साथ पूर्वी उत्तर प्रदेश में सामान्य से 48 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। वहीं, पिछले वर्ष इस अवधि तक 165 मिमी से अधिक बारिश हो चुकी थी। दूसरी ओर, बृहस्पतिवार की मानसूनी बारिश का पैटर्न हैरान करने वाला रहा। दोपहर करीब दो बजे से ढाई बजे तक काशी के तीन मौसम केंद्रों बाबतपुर, बीएचयू और राजघाट में बूंदाबांदी या न के बराबर बारिश दर्ज की गई, जबकि सेवापुरी मौसम केंद्र पर अकेले 24 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। बीएचयू से निकलने वाले लोगों को हल्की बारिश का सामना करना पड़ा, जबकि करीब दो किलोमीटर दूर बरेका पहुंचते ही तेज बारिश होने लगी। शहर में मैदागिन, गोदौलिया, कैंट, मंडुवाडीह, लहरतारा, बरेका, चितईपुर, कचहरी और नदेसर समेत कई इलाकों में 30 से 45 मिनट तक लगातार तेज बारिश होने से सड़कों पर जलभराव हो गया। वहीं सुंदरपुर, बीएचयू, रामनगर, भेलूपुर, बाबतपुर और हरहुआ क्षेत्रों में केवल बादल छाए रहे। वहां हल्की बारिश भी नहीं हो सकी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 10, 2026, 00:36 IST
Varanasi Weather: इस मानसून पिछले 50 साल के औसत से 51% कम बारिश, फिर भी गर्मी से राहत; जानें अपडेट #CityStates #Varanasi #VaranasiPolice #VaranasiNews #LatestNews #BigNews #TodayNews #UpNews #HindiNews #TopNews #SubahSamachar
