Varanasi News Today: हादसे में यात्री की मौत, घर में घुसकर मारपीट के मामले में 20 पर एफआईआर समेत प्रमुख खबरें
बस के इंतजार में खड़े यात्री को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, मौत मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के बिहड़ा गांव में ढाबे के पास शुक्रवार दोपहर प्रयागराज जाने वाले रोडवेज बस का इंतजार कर रहे सुरेश मौर्य (55) की हादसे में मौत हो गई। उन्हें किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी थी। कतवारपुर थाना सराय इनायत प्रयागराज निवासी सुरेश बस के इंतजार में सड़क किनारे ढाबे के पास खड़े थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें इलाज के लिए एंबुलेंस से सेवापुरी सामुदायिक स्वास्थ्य भेजा। जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि परिजनों को सूचना दे दी गई है। घर में घुसकर मारपीट के मामले में 20 पर प्राथमिकी दर्ज कैंट थाना क्षेत्र के पांडेयपुर में पुराने विवाद को लेकर कुछ युवकों ने होली के दिन घर पर चढ़कर मारपीट की। इस मामले में पीड़ित पक्ष ने थाने में दो नामजद समेत 20 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कराई। तहरीर में गीता देवी ने बताया कि हिमांशु अस्पताल के सामने दो मार्च को होलिका दहन के दौरान उनके बेटे आकाश कुमार का बनारसी और सचिन सोनकर से विवाद हो गया था। अगले दिन तीन मार्च को दोनों पक्षों के बीच कैंट थाने में समझौता भी हो गया था। आरोप है कि होली के दिन बनारसी व सचिन 20 युवकों के साथ उनके घर पहुंच गए और गालीगलौज कर ईंट-पत्थर चलाने लगा। हमले में गीता देवी के पैर व कमर में चोट आई। बचाव में आए दामाद आकाश पटेल को भी आरोपियों ने पीटा। कैंट थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्र ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। महिलाओं पर अश्लील टिप्पणी करने का आरोपी गिरफ्तार घौसाबाद में होटल के पास महिलाओं पर अश्लील टिप्पणी करने के आरोपी शोभित श्रीवास्तव को चेतगंज पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार किया। आरोपी बाघ बरियार सिंह का रहने वाला है। चेतगंज इंस्पेक्टर विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि मिशन शक्ति टीम को सूचना मिली कि यादव होटल के पास एक व्यक्ति आने जाने वाली महिलाओं के साथ अश्लील हरकतें और टिप्पणी कर रहा है। टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया। दहेज हत्या के आरोपी पति और सास गिरफ्तार दहेज हत्या के आरोपी पति अच्छेलाल उर्फ गोरख और सास मुन्नी देवी को कपसेठी पुलिस ने शुक्रवार को कुरू तिराहे से गिरफ्तार किया। चार मार्च को पत्नी आंचल यादव की मौत हो गई थी। आंचल की मां गुड्डी देवी ने पति समेत सात के खिलाफ दहेज हत्या में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। गुड्डी ने पुलिस को बताया कि बेटी ने घटना से एक घंटे पहले फोन कर सूचना दी थी कि आरोपी उसे मार देंगे। आंचल की शादी 17 मई 2025 को भगवतीपुर कपसेठी निवासी अच्छेलाल यादव से हुई थी। विवाह के बाद से ही पति व ससुराल पक्ष के अन्य सदस्य दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करते थे। डीसीपी आकाश पटेल ने बताया कि पति व सास को गिरफ्तार किया गया है। घटना में संलिप्त अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं, जिन्हें जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 06, 2026, 23:32 IST
Varanasi News Today: हादसे में यात्री की मौत, घर में घुसकर मारपीट के मामले में 20 पर एफआईआर समेत प्रमुख खबरें #CityStates #Varanasi #VaranasiTopNews #VaranasiNews #VaranasiLatestNews #SubahSamachar
