गंजारी स्टेडियम: दो दिसंबर को उद्घाटन की तैयारी, आईसीसी के जय शाह और बीसीसीआई के राजीव शुक्ला करेंगे निरीक्षण
गंजारी के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में उद्घाटन और मैच की तैयारियां तेज हो गई हैं। जिला प्रशासन की ओर से स्टेडियम की प्रगति रिपोर्ट प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) भेजी जा चुकी है। दो दिसंबर को उद्घाटन की तारीख बताई जा रही है। हालांकि, स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय और घरेलू मुकाबले का रास्ता भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की मंजूरी के बाद ही साफ होगा। बीसीसीआई की टीम के निरीक्षण का इंतजार है। टीम पिच, खेल की गुणवत्ता और दर्शकों व खिलाड़ियों के लिए सुविधाओं का आकलन करेगी। नवंबर के तीसरे सप्ताह में आईसीसी के अध्यक्ष जय शाह और बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला निरीक्षण करेंगे। मैच के लिए बीसीसीआई की तकनीकी जांच और मंजूरी अहम होगी। निरीक्षण के बाद मिलने वाली रिपोर्ट के आधार पर स्टेडियम में मैच कराने की पात्रता और आगे की प्रक्रिया तय होगी। यूपी क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से घरेलू क्रिकेट के मुकाबले कराने की संभावनाएं भी देखी जा रही हैं। अंडर-19 मैचों के साथ महिला प्रीमियर लीग के मुकाबलों की मेजबानी को लेकर भी चर्चा है। 98 फीसदी काम पूरा स्टेडियम का 98 फीसदी निर्माण पूरा होने की बात कही गई है। हालांकि, शेष काम और पूर्णता प्रमाणपत्र की स्थिति प्रशासन और कार्यदायी संस्था से स्पष्ट होनी है। स्टेडियम के उद्घाटन के साथ ही बीसीसीआई की मंजूरी मिलने पर मुकाबलों का रास्ता खुलेगा। इससे पूर्वांचल में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट प्रतियोगिताओं की संभावनाएं बढ़ेंगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 03, 2026, 12:32 IST
गंजारी स्टेडियम: दो दिसंबर को उद्घाटन की तैयारी, आईसीसी के जय शाह और बीसीसीआई के राजीव शुक्ला करेंगे निरीक्षण #CityStates #Varanasi #GanjariStadiumVaranasi #VaranasiNews #IccJayShah #SubahSamachar
