कार में नहीं टचस्क्रीन तो न हों परेशान: आपका स्मार्टफोन ही बन जाएगा इन्फोटेनमेंट सिस्टम, बस करना होगा ये काम
Smartphone as Car Infotainment System: स्मार्टफोन से बनाएं अपनी कार को स्मार्ट अगर आपकी कार में फैक्ट्री-फिटेड टचस्क्रीन नहीं है, तो एक अच्छा स्मार्टफोन होल्डर और कुछ बेसिक एक्सेसरीज आपकी जरूरत पूरी कर सकती हैं। सही तरीके से सेटअप करने पर फोन ही आपकी कार का डिस्प्ले, नेविगेशन यूनिट और एंटरटेनमेंट सिस्टम बन जाता है। डैशबोर्ड पर लगाएं मोबाइल होल्डर सबसे पहला एक बेहतर क्वालिटी का मोबाइल होल्डर या डैशबोर्ड माउंट खरीदें, इसके बाद डैशबोर्ड या एसी वेंट पर लगाकर अपने फोन को मजबूती से फिक्स कर दें। इससे ड्राइविंग के दौरान स्क्रीन आसानी से दिखाई देती है और फोन हाथ में लेने की जरूरत नहीं पड़ती। साथ ही कार में एक फास्ट चार्जर या पावर बैंक रखना भी उपयोगी रहेगा, ताकि लंबी यात्रा के दौरान फोन की बैटरी खत्म होने पर चार्ज किया जा सके। नेविगेशन के लिए स्मार्टफोन है सबसे बड़ा हथियार स्मार्टफोन को माउंट पर लगाकर आप उसे नेविगेशन स्क्रीन की तरह इस्तेमाल कर सकते हैं। गूगल मैप्स जैसे एप्स की मदद से रियल-टाइम ट्रैफिक अपडेट, वैकल्पिक रास्ते और सही दिशा-निर्देश मिलते हैं। खास बात यह है कि कई इन-बिल्ट सिस्टम की तुलना में स्मार्टफोन पर मैप्स ज्यादा तेजी से अपडेट होते हैं, जिससे सफर और आसान हो जाता है। म्यूजिक और एंटरटेनमेंट का पूरा मजा फोन को कार के ऑडियो सिस्टम से ब्लूटूथ या AUX के जरिए कनेक्ट करके आप अपनी पसंदीदा प्लेलिस्ट, पॉडकास्ट और ऑनलाइन म्यूजिक स्ट्रीमिंग का आनंद ले सकते हैं। हालांकि ड्राइविंग के दौरान वीडियो देखने से बचना चाहिए। सड़क पर पूरा ध्यान रखते हुए केवल ऑडियो कंटेंट का इस्तेमाल करना सुरक्षित रहता है। कॉलिंग भी होगी आसान कार चलाते समय फोन हाथ में लेना खतरनाक हो सकता है, लेकिन इमरजेंसी की स्थिति में स्मार्टफोन को स्पीकर मोड या कार के ब्लूटूथ सिस्टम से जोड़कर सुरक्षित तरीके से कॉल की जा सकती है। इससे बातचीत भी आसान रहती है और ड्राइविंग पर ध्यान भी बना रहता है। वॉयस असिस्टेंट बनाएगा सफर और स्मार्ट आज लगभग हर स्मार्टफोन में गूगल असिस्टेंड, सिरी या अन्य वॉयस असिस्टेंट तो मौजूद होते ही हैं। इनके जरिए आप बिना स्क्रीन को छुए कॉल कर सकते हैं, म्यूजिक बदल सकते हैं, मैसेज भेज सकते हैं या नेविगेशन शुरू कर सकते हैं। वॉयस कमांड का उपयोग करने से ड्राइवर का ध्यान सड़क पर बना रहता है और सुरक्षा भी बढ़ती है। क्यों फायदेमंद है यह तरीका लो-बजट कारों के लिए स्मार्टफोन एक किफायती और प्रभावी समाधान साबित हो सकता है। इससे महंगे इन्फोटेनमेंट सिस्टम लगाने की जरूरत नहीं पड़ती और आपको नेविगेशन, एंटरटेनमेंट, कॉलिंग और वॉयस कंट्रोल जैसी लगभग सभी आधुनिक सुविधाएं मिल जाती हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 06, 2026, 09:04 IST
कार में नहीं टचस्क्रीन तो न हों परेशान: आपका स्मार्टफोन ही बन जाएगा इन्फोटेनमेंट सिस्टम, बस करना होगा ये काम #Automobiles #National #UttarPradesh #AutoNewsHindi #SubahSamachar
