अमेरिका में प्रकृति का कहर: यूटा के जंगल में भीषण आग, केंटकी में भारी बारिश बाढ़ से चार की मौत; आपातकाल घोषित

अमेरिका इस समय दोहरी प्राकृतिक आपदा से जूझ रहा है। यूटा में देश की सबसे बड़ी जंगल की आग तेजी से फैल रही है, जबकि केंटकी में मूसलाधार बारिश और बाढ़ ने तबाही मचा दी है। दोनों राज्यों में आपातकालीन हालात हैं, राहत एवं बचाव अभियान जारी है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। यूटा में सबसे भीषण जंगल की आग यूटा राज्य में लगी कॉटनवुड जंगल की आग तेजी से फैल रही है। यह इस समय अमेरिका की सबसे बड़ी सक्रिय जंगल की आग बन गई है। आग ने अब तक करीब 373 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया है। कई पहाड़ी इलाकों, जंगलों और स्की रिजॉर्ट को भारी नुकसान पहुंचा है। प्रशासन ने कई कैंपग्राउंड और सार्वजनिक क्षेत्रों को बंद कर दिया है, जबकि आसपास के लोगों को किसी भी समय सुरक्षित स्थान पर जाने के लिए तैयार रहने को कहा गया है। यह भी पढ़ें- Japan Earthquake: जापान के उत्तर-पूर्वी तट के पास भूकंप के झटके, रिक्टर पैमाने पर 6.1 तीव्रता कई इलाकों में अलर्ट और बिजली बंद वहीं, यूटा के गवर्नर स्पेंसर कॉक्स ने राज्य में आपातकाल घोषित कर दिया है। उन्होंने दमकलकर्मियों की सुरक्षा और बारिश की कामना करते हुए कहा कि आग लगातार संपत्तियों को नुकसान पहुंचा रही है। आग बुझाने के लिए सैकड़ों दमकलकर्मी, हेलीकॉप्टर और एयर टैंकर लगाए गए हैं। हालांकि तेज हवाएं, कम नमी और अत्यधिक गर्म मौसम राहत कार्य में बड़ी बाधा बन रहे हैं। कमबर्फबारी सेजंगलों में सूखापन मौसम विभाग के अनुसार यूटा में इस साल रिकॉर्ड कम बर्फबारी और सबसे गर्म सर्दी रही, जिससे जंगलों में सूखापन बढ़ गया और आग लगने का खतरा कई गुना बढ़ गया। राज्य सरकार ने आतिशबाजी पर भी रोक लगा दी है। अधिकारियों का कहना है कि इस वर्ष अधिकांश जंगल की आग इंसानी लापरवाही के कारण लगी हैं, जबकि कुछ स्थानों पर बिजली गिरने से भी आग फैली है। इस बीच यूटा के अन्य हिस्सों में आयरन और चेरी नाम की दो अन्य जंगल की आग भी तेजी से फैल रही हैं। इनके कारण कई छोटे कस्बों को खाली कराया गया है और कई राजमार्ग बंद कर दिए गए हैं। पश्चिमी अमेरिका के कई राज्यों में तेज हवाओं और कम नमी के कारण 'रेड फ्लैग वार्निंग' जारी की गई है। सुरक्षा के लिए कई इलाकों में एहतियातन बिजली आपूर्ति भी बंद कर दी गई है। केंटकी में भारी बारिश और बाढ़ से चार की मौत उधर, केंटकी राज्य में लगातार हो रही भारी बारिश और अचानक आई बाढ़ ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। बाढ़ की चपेट में आने से अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है। हालात को देखते हुए राज्य के गवर्नर एंडी बेशियर ने आपातकाल घोषित कर दिया है। गवर्नर ने बताया कि तीन लोगों की मौत मैडिसन काउंटी और एक व्यक्ति की मौत जैक्सन काउंटी में हुई। कई जगहों पर बचाव दल ने घरों और वाहनों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि रात के समय यात्रा करने से बचें और बाढ़ वाले इलाकों से दूर रहें। यह भी पढ़ें- यूरोप में रिकॉर्डतोड़ हीटवेव: तेजी से बदल रही महाद्वीप की जलवायु, बदले मौसम पर वैज्ञानिकों ने क्या कहा अमेरिकी मौसम विभाग ने केंटकी और पड़ोसी राज्य इंडियाना के कई हिस्सों में फ्लैश फ्लड की चेतावनी जारी की है। कुछ इलाकों में चार से 10 इंच तक बारिश दर्ज की गई है, जबकि केंटकी में रात तक सात इंच तक और बारिश होने की आशंका जताई गई है।वहीं, लुइसविल के पास बुलिट काउंटी में एक बांध के किनारे भूस्खलन होने के बाद आसपास रहने वाले लोगों को एहतियातन सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा गया है। हालांकि अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि फिलहाल बांध टूटने का कोई खतरा नहीं है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने की अपील कर रहा है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 28, 2026, 04:28 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




अमेरिका में प्रकृति का कहर: यूटा के जंगल में भीषण आग, केंटकी में भारी बारिश बाढ़ से चार की मौत; आपातकाल घोषित #World #International #MassiveWildfire #UtahForests #HeavyRain #Flood #Kentucky #AndyBeshear #Emergency #Utah #SubahSamachar