यूपी: कमरे में सो रहे युवक की धारदार हथियार से हत्या, पंखा लेने गए पिता ने देखी लाश; मिले चोट के निशान
सीतापुर के रेउसा इलाके के खरौहा गांव में एक युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। मंगलवार देर रात उनका शव कमरे के अंदर खून से लथपथ मिला। रात में पिता ने शव को देखकर अन्य लोगों को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। दावा है कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। गांव निवासी हसीन (22) रात में खाना खाकर अपने कमरे में सोने चले गए थे। देर रात उनके पिता बसीर पंखा लेने के लिए कमरे में पहुंचे। उन्होंने आवाज दी, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। पास जाकर देखा तो हसीन का शव बिस्तर से नीचे जमीन पर खून से लथपथ पड़ा था। यह देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। जिसे सुनकर अन्य परिजन भी मौके पर पहुंच गए। देर रात ही पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक की हत्या धारदार हथियार से की गई है। उसके गले, सीने और जांघ पर गहरे घाव के निशान मिले हैं। जानकारी पाते ही एएसपी, सीओ बिसवां भी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्यों को जुटाया है। सीओ अमन सिंह ने बताया कि शरीर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। हत्या की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। घटना के समय घर में मौजूद थे सदस्य, शक गहराया खास बात यह है कि घटना के समय मृतक के माता, पिता, भाभी और भाभी की बहन घर पर मौजूद थी। किसी को घटना की भनक तक नहीं लगी। इस बात से पुलिस का शक परिजनों के प्रति काफी गहरा हो गया है। मृतक के पिता घर के बाहर बने टीनशेड के नीचे लेटे थे। इसके अलावा महिलाएं घर के अंदर ही एक कमरे में लेटी थीं। मुंबई में करता था नाई का काम हसीन मुंबई में नाई की दुकान पर काम करता था। ईद मनाने के लिए कुछ दिन पहले ही वह गांव आया था। एक दिन पहले ही वह अपनी कमाई से घर के लिए जरूरत का सामान और घर निर्माण के लिए सामग्री लेकर आया था। परिजनों ने किसी पर शक जाहिर नहीं किया है। पुलिस ने कॉल डिटेल आदि खंगालनी शुरू कर दी है। तय हो चुका था विवाह, चाचा ने लिया था गोद परिजनों के अनुसार थानगांव इलाके से ही युवक का विवाह तय हो चुका था। लड़की वाले भी युवक के दूर के रिश्तेदार लगते थे। लोगों ने बताया कि युवक को उनके चाचा ने गोद लिया था। उनकी कोई संतान नहीं थी। उनके हिस्से की जमीन भी युवक को ही मिलनी थी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 01, 2026, 18:56 IST
यूपी: कमरे में सो रहे युवक की धारदार हथियार से हत्या, पंखा लेने गए पिता ने देखी लाश; मिले चोट के निशान #CityStates #Lucknow #UpMurderNews #YouthStabbedToDeath #KharohaVillageCrime #SharpWeaponKilling #FamilySuspicionCase #ForensicInvestigationIndia #ReusaAreaIncident #DomesticHomicide #PoliceInvestigationUp #ShockingCrimeIndia #SubahSamachar
