UP Weather: सुबह-सुबह खिली धूप, दिन में होगा गर्मी का अहसास; अगले दो दिन बारिश का अलर्ट, जानें ताजा अपडेट

उत्तर प्रदेश में मौसम में हो रहे बदलाव के चलते दिन में गर्म कपड़े पहनने से अब लोग बच रहे हैं। सुबह और शाम को भी ठंड का असर काफी कम हो चुका है। मौसम विभाग के अनुसार, तापमान में क्रमिक बढ़ोतरी जारी है और आगे भी जारी रहेगी। हालांकि तापमान में बढ़ोतरी धीरे-धीरे ही हो रही है, लेकिन दिन में कड़ी धूप के चलते इसका असर आम जनजीवन पर पड़ने लगा है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की वजह से 17 और 18 फरवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्की बारिश या बूंदाबांदी के आसार हैं। शनिवार को तेज धूप के बीच दिन में गर्मी महसूस की गई। ऐसा लगा मानो मार्च का महीना आ गया हो। गर्म कपड़ों से लोगों ने दूरी बनाकर रखी। हालांकि देर शाम हल्की ठंड के बीच मौसम खुशगवार रहा। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के कारण पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अगले हफ्ते 17 और 18 फरवरी को छिटपुट बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है। इस दौरान 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के आसार हैं। इसके अलावा मौसम में कोई खास परिवर्तन देखने को नहीं मिलेगा। अगले तीन दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान दोनों में 2-3 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि दर्ज होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि हो रही है जो एक दिन में एक डिग्री से कम आंकी जा रही है। प्रदेश के ज्यादातर जिलों में तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया। धीरे-धीरे तापमान के बढ़ने का क्रम आगे भी जारी रहेगा, अचानक मौसम में किसी तरह के परिवर्तन की आशंका नहीं है। इससे पहले शनिवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान झांसी में दर्ज किया गया। यहां अधिकतम तापमान 30 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से 3.6 डिग्री अधिक रहा। आगरा में अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री और हमीरपुर में 29.2 डिग्री दर्ज किया गया।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 15, 2026, 08:45 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




UP Weather: सुबह-सुबह खिली धूप, दिन में होगा गर्मी का अहसास; अगले दो दिन बारिश का अलर्ट, जानें ताजा अपडेट #CityStates #Lucknow #UttarPradesh #UpWeather #UpWeatherToday #UpWeatherUpdate #UpWeatherNews #UpWeatherForecast #SubahSamachar