यूपी: प्रदेश में बदला मौसम, आज इन जिलों में बरसात-ओले गिरने का अलर्ट; तेज हवाओं के साथ वज्रपात की चेतावनी
उत्तर प्रदेश के पश्चिमी इलाकों में मौसम ने अचानक करवट लिया है। कोहरे और ठंड के बीच शनिवार की देर रात से पश्चिमी यूपी समेत दिल्ली एनसीआर और उत्तराखंड से सटे तराई इलाकों में गरज चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। विक्षोभ के असर से पश्चिम में शुरू हुई बारिश रविवार को दिन में भी रुक रुक कर जारी रही। बागपत में सर्वाधिक 25 मिमी बारिश दर्ज हुई। वहीं बिजनौर में 16 मिमी और मुरादाबाद में 15 मिमी बारिश हुई। मौसम विभाग का कहना है कि सोमवार और मंगलवार को इस बारिश का विस्तार प्रदेश के बाकी हिस्सों, मध्यांचल, अवध क्षेत्र और बुंदेलखंड में भी देखने को मिलेगा। कई जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। वहीं सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, अमरोहा आदि में ओले गिरने की भी सूचना मिली। बरेली, प्रयागराज, कानपुर में सुबह कोहरे के प्रकोप से दृश्यता शून्य रही। अचानक बदले मौसम से इन इलाकों में दिन के तापमान में गिरावट आई है और ठंड व नमी का एहसास बढ़ गया है। मौसम विभाग ने सोमवार के लिए पश्चिमी यूपी के 27 जिलों में गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि और 16 जिलों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे रफ्तार वाली झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी जारी किया है। राजधानी लखनऊ में भी दो दिन छिटपुट बूंदाबांदी की संभावना है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मौसम में इस बदलाव के 4 फरवरी तक बने रहने के संकेत है। तराई इलाकों में बारिश के साथ कोहरे का भी प्रकोप रहेगा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 01, 2026, 19:15 IST
यूपी: प्रदेश में बदला मौसम, आज इन जिलों में बरसात-ओले गिरने का अलर्ट; तेज हवाओं के साथ वज्रपात की चेतावनी #CityStates #Lucknow #UttarPradesh #WeatherInUp #WeatherForecast #WinterInUp #ColdInUp #ColdWarning #ChillInUp #FogInUp #SubahSamachar
