यूपी: आजम खां से जेल में मिलने पहुंचे शिवपाल, बोले- वह बेहद तकलीफ में; उन्हें फर्श पर लिटाया जा रहा है
सपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल यादव ने बुधवार को जिला जेल में बंद सपा नेता आजम खां से मुलाकात की। इस दाैरान उन्होंने प्रदेश सरकार और प्रशासनिक अधिकारियों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने अफसरों पर आजम खां को झूठे मुकदमों में फंसाकर जेल भेजने का आरोप लगाया। कहा कि सपा की सरकार बनने पर ऐसे अधिकारियों को उनके पाप की सजा मिलेगी। उन्होंने कहा कि आजम खां इस समय जेल में काफी तकलीफ में हैं। उन्हें फर्श पर सुलाया जा रहा है। शिवपाल यादव ने जेल में आजम खां से करीब एक घंटे की मुलाकात के बाद जौहर यूनिवर्सिटी पहुंचकर मीडिया से बात की। उन्होंने आजम से हुई मुलाकात के बारे में चर्चा की। साथ ही मौजूदा कमिश्नर एवं तत्कालीन जिलाधिकारी समेत अन्य अधिकारियों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उन अधिकारियों की भूमिका की जांच होनी चाहिए जिन्होंने आजम खां के खिलाफ कार्रवाई की। सपा सरकार आने पर ऐसे अधिकारियों को उनके पाप की सजा जरूर मिलेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक द्वेष के चलते आजम खां को लगातार परेशान किया जा रहा। कई बार विधायक, सांसद व कैबिनेट मंत्री रहने वाले आजम खां के खिलाफ आपराधिक मुकदमे दर्ज किए गए। उन्होंने रामपुर क्षेत्र में विकास कार्य न होने पर भी सवाल उठाए। कहा कि पिछले आठ वर्षों से प्रदेश में भाजपा की सरकार है लेकिन रामपुर में विकास के नाम पर एक भी ईंट नहीं लगी है जबकि सपा सरकार के कार्यकाल में रामपुर में तमाम विकास कार्य कराए गए थे। जौहर यूनिवर्सिटी के विवाद पर शिवपाल ने कहा कि समाजवादी पार्टी विश्वविद्यालय के छात्रों के साथ खड़ी है। छात्रों के साथ किसी भी तरह का जुल्म नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा के संस्थान को राजनीतिक प्रतिशोध का केंद्र नहीं बनाया जाना चाहिए। छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए सरकार और प्रशासन को सकारात्मक रवैया अपनाना चाहिए। जेल में आजम खां से मुलाकात के बाद शिवपाल यादव ने उनकी पत्नी व पूर्व सांसद डॉ. तजीन फात्मा से भी बातचीत की। इसके बाद शिवपाल यादव जौहर यूनिवर्सिटी पहुंचे और वहां के हालात की जानकारी ली। उनके दौरे को सपा की ओर से आजम खां और जौहर यूनिवर्सिटी के मुद्दे पर समर्थन के तौर पर देखा जा रहा है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Aug 12, 2026, 18:38 IST
यूपी: आजम खां से जेल में मिलने पहुंचे शिवपाल, बोले- वह बेहद तकलीफ में; उन्हें फर्श पर लिटाया जा रहा है #CityStates #Lucknow #UttarPradesh #AzamKhanInJail #AzamKhan #ShivpalYadav #SubahSamachar
