UP News:UP में मौसम का U-टर्न! बारिश ने गर्मी से दी राहत
नौतपा की भीषण गर्मी के बीच बृहस्पतिवार देर रात उत्तर प्रदेश का मौसम अचानक बदल गया। राजधानी लखनऊ समेत पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कई जिलों में तेज हवाओं, गरज-चमक और झमाझम बारिश ने मौसम सुहाना कर दिया। तराई क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई, जबकि पश्चिमी यूपी व अन्य कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हुई। आंधी- बारिश से शुक्रवार को प्रदेश के कई जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से 8 डिग्री तक नीचे आ गया। बाराबंकी, सीतापुर, कानपुर, हरदोई, मुरादाबाद, बरेली समेत कई जिलों में तेज आंधी और बारिश से तापमान में गिरावट आई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। गौरतलब है कि बृहस्पतिवार देर रात मौसम ने अचानक करवट लिया। तेज झोंकेदार हवाएं चलनी शुरू हुईं और देखते ही देखते तेज बारिश होने लगी। करीब एक घंटे के भीतर बंथरा और मलिहाबाद में सर्वाधिक 18 मिमी वर्षा दर्ज की गई। जिले के अन्य हिस्सों में देर रात और फिर सुबह में मध्यम बारिश हुई। रात और सुबह की बारिश के बाद राजधानी में ठंडी हवाएं चलने से गर्मी मानो बह सी गई। सुबह और शाम में मौसम खुशनुमा बना रहा जिसका सभी ने लुत्फ उठाया। वैसे तो शुक्रवार को दिन में धूप निकली लेकिन उसमें बीते दिनों की तरह तपिश नहीं थी। ठंडी हवाओं ने उमस को हावी नहीं होने दिया। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के साथ बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आ रही नम हवाओं के कारण मौसम में यह बदलाव आया है। उन्होंने बताया कि फिलहाल अगले कुछ दिनों तक लखनऊ में लू जैसी परिस्थितियों से राहत बनी रहेगी। शनिवार को भी लखनऊ में तेज हवाओं के साथ छिटपुट बारिश देखने को मिल सकती है। बता दें, अवध के जिलों में बृहस्पतिवार देर रात आई आंधी और बारिश के दौरान दो लोगों की मौत हो गई। रायबरेली में आंधी-पानी से मकान का टिनशेड गिरने से दबकर एक महिला की मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी घायल हो गई। पेड़ों के गिरने से दो अन्य महिलाएं भी घायल हो गईं। उधर अंबेडकरनगर में आंधी और मूसलाधार बारिश के बीच शुक्रवार की भोर बिजली गिरने से केदारनगर के इब्राहिमपुर के पशुपालक की मौत हो गई। वहीं, जलालपुर क्षेत्र में बिजली की चपेट में आकर एक मवेशी की मौत हो गई और किसान झुलस गया।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 30, 2026, 05:32 IST
UP News:UP में मौसम का U-टर्न! बारिश ने गर्मी से दी राहत #ShortVideos #UttarPradesh #WeatherInUp #WeatherForecast #WinterInUp #AlertRegardingWinter #WesternDisturbanceInUp #HailstormInUp #RainForecastUp #UttarPradeshWeatherToday #UpRainAlert #ImdUpWeather #SubahSamachar
