UP: मुरादाबाद में चला सरकारी बुलडोजर, पाकबड़ा में बनी अवैध दरगाह धवस्त, भारी संख्या में पुलिस बल रहा मौजूद
मुरादाबाद जिले में सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान लगातार जारी है। मंगलवार को जिला प्रशासन ने पाकबड़ा क्षेत्र में दिल्ली हाईवे किनारे सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बने दरगाह पर बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया। पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुई इस कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके की घेराबंदी की गई। प्रशासन ने बिना किसी विरोध या विवाद के करीब 1620 वर्गमीटर सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त करा लिया। जिला प्रशासन की टीम दिल्ली हाईवे स्थित पाकबड़ा क्षेत्र की गाटा संख्या 1180 पर पहुंची। जहां सरकारी भूमि पर अवैध निर्माण किया गया था। राजस्व अभिलेखों की जांच, भूमि के सत्यापन और नियमानुसार प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद अवैध निर्माण हटाने का निर्णय लिया गया था। इसके तहत प्रशासन की टीम ने नगर पंचायत पाकबड़ा और पाकबड़ा थाना पुलिस की मौजूदगी में बुलडोजर से अवैध दरगाह को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई शुरू होने से पहले पुलिस ने पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया। दिल्ली हाईवे पर यातायात प्रभावित न हो इसके लिए ट्रैफिक व्यवस्था भी सुचारु रखी गई। प्रशासन के अनुसार गाटा संख्या 1180 की लगभग 1620 वर्गमीटर सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर निर्माण किया गया था। कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग की टीम, नगर पंचायत पाकबड़ा के अधिशासी अधिकारी तथा पाकबड़ा थाना पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 07, 2026, 10:16 IST
UP: मुरादाबाद में चला सरकारी बुलडोजर, पाकबड़ा में बनी अवैध दरगाह धवस्त, भारी संख्या में पुलिस बल रहा मौजूद #CityStates #Moradabad #UttarPradesh #Pakbada #BulldozerAction #Encroachment #GovernmentLand #Dargah #DistrictAdministration #UpNews #Police #DelhiHighway #SubahSamachar
