यूपी: सिपाही भर्ती परीक्षा आज से, प्रवेश पत्र दिखाने पर किराया हो जाएगा आधा, 28 लाख अभ्यर्थी होंगे शामिल
प्रदेश पुलिस में 32,679 सिपाही नागरिक पुलिस और समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती के लिए लिखित परीक्षा का आयोजन आज से होगा। सोमवार से बुधवार तक लिखित परीक्षा रोजाना दो पालियों में आयोजित की जाएगी, जिसमें करीब 25 लाख अभ्यर्थी शामिल हो सकते हैं। उप्र पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा परीक्षा के एडमिट कार्ड जारी कर दिए गए हैं। अब तक 16 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड किए हैं। भर्ती बोर्ड के अध्यक्ष डीजी एसबी शिरडकर ने बताया कि परीक्षा के सकुशल आयोजन के लिए पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं। सभी नोडल अधिकारियों द्वारा परीक्षा केंद्रों तक सही प्रश्न पत्र भेजने की जिम्मेदारी दी गई है। रविवार शाम से ही सभी केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। सोमवार को परीक्षा के पहले दिन कड़ी चेकिंग के बाद ही अभ्यर्थियों को प्रवेश करने दिया जाएगा। इससे पहले उनके आधार कार्ड का सत्यापन और ई-केवाई की प्रक्रिया भी होगी। अभ्यर्थियों को आइरिस जांच के बाद ही परीक्षा केंद्र में जाने की अनुमति दी जाएगी। वहीं स्थानीय पुलिस और एसटीएफ संदिग्धों पर नजर रखने के साथ धरपकड़ करेगी। अभ्यर्थियों से कहा गया है कि वह जूते के बजाय चप्पल पहनकर आएं। 28.65 लाख अभ्यर्थियों ने किया है आवेदन परीक्षा केंद्रों के आसपास के इलाके में भी सतर्कता बरती जाएगी। बोर्ड के अपर सचिव भर्ती सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने बताया कि तीन दिन तक होने वाली परीक्षा की प्रत्येक पाली में करीब 4.90 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। बता दें कि सिपाही बनने के लिए करीब 28.65 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। सभी जिलों में परीक्षा के लिए 1183 केंद्र बनाए गए हैं। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रेलवे स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया भी बनाए गए हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 08, 2026, 04:16 IST
यूपी: सिपाही भर्ती परीक्षा आज से, प्रवेश पत्र दिखाने पर किराया हो जाएगा आधा, 28 लाख अभ्यर्थी होंगे शामिल #CityStates #Lucknow #UttarPradesh #UpConstableRecruitmentExam #ConstableRecruitmentExamAdmitCard #UpPoliceRecruitment #SubahSamachar
