यूपी: सीएम ने दिए चीनी सामान बेचने वाले नेटवर्क को ध्वस्त करने के निर्देश, मांझे से मौत पर पुलिस जिम्मेदार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चीनी मांझे से होने वाली दुर्घटनाओं पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा है कि यदि प्रदेश में इस कारण कोई हादसा होता है तो इसकी जिम्मेदारी सीधे पुलिस और प्रशासन की होगी। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने चीनी मांझे के उत्पादन, बिक्री और उपयोग से जुड़े पूरे नेटवर्क को खत्म करने के निर्देश दिए हैं और इसके खिलाफ व्यापक अभियान शुरू कर दिया गया है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि चीनी मांझे से होने वाली मौतें सामान्य दुर्घटना नहीं, बल्कि हत्या जैसी गंभीर घटनाएं हैं। इसलिए इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने सभी जिलों में थोक विक्रेताओं, गोदामों, परिवहन माध्यमों और ऑनलाइन सप्लायर्स की सघन जांच करने के साथ कठोर कानूनी कार्रवाई के आदेश दिए हैं। सरकार का साफ लक्ष्य है कि प्रदेश में कहीं भी चीनी मांझे की बिक्री या भंडारण न होने पाए। मुख्यमंत्री ने हर जिले में एक नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए हैं, जो 24 घंटे इस पूरे मामले पर नजर रखेगा। यह अधिकारी बाजारों के साथ-साथ सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर होने वाली अवैध बिक्री पर भी निगरानी करेगा और तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करेगा। स्कूल-कॉलेजों में चलेगा अभियान इसके साथ ही प्रदेश सरकार स्कूलों और कॉलेजों में जागरूकता अभियान चलाएगी, ताकि बच्चों और युवाओं को चीनी मांझे के खतरों के बारे में बताया जा सके। बाजारों में पतंग विक्रेताओं को भी स्पष्ट चेतावनी दी जा रही है कि यदि वे चीनी मांझा बेचते पाए गए तो उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 07, 2026, 04:49 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




यूपी: सीएम ने दिए चीनी सामान बेचने वाले नेटवर्क को ध्वस्त करने के निर्देश, मांझे से मौत पर पुलिस जिम्मेदार #CityStates #Lucknow #UttarPradesh #DeathDueToChineseManjha #CmYogiAdityanath #PoliceResponsibleForDeathDueToManjha #SubahSamachar