UP: बसपा नेता की बेकाबू फॉर्च्यूनर ने ली फैक्टरी कर्मी की जान, परिजनों का आरोप- पुलिस ने आरोपी चालक को छोड़ा
गोविंद नगर थाना क्षेत्र के नंदलाल चौराहे के पास बेकाबू बसपा नेता की फॉर्च्यूनर की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए फैक्टरी कर्मी की सोमवार सुबह मौत हो गई। वह चार दिनों से अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे थे। परिजनों का आरोप है कि घटनास्थल पर भीड़ ने शराब के नशे में धुत बसपा नेता और फॉर्च्यूनर को घेरकर पुलिस के हवाले कर दिया था लेकिन पुलिस ने उसे छोड़ दिया। फिलहाल, मृतक के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने फॉर्च्यूनर नंबर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की है। साकेत नगर निवासी बाबूराम बाजपेई (52) दादा नगर स्थित एक प्राइवेट फैक्टरी में काम करते थे। परिवार में पत्नी समता, बेटी खुशी और बेटा कन्हैया है। परिजनों ने बताया कि 15 अप्रैल को बाबूराम शाम करीब छह बजे फैक्टरी से पैदल नंदलाल होते हुए घर को वापस लौट रहे थे इसी दौरान सांझा चूल्हा के पास बेकाबू बसपा नेता की फॉर्च्यूनर ने पहले एक स्कूटी सवार को टक्कर मारी। इसके बाद पैदल जा रहे बाबूराम को पीछे से टक्कर मारते हुए दूसरी कार में जा टकराई। हादसे के बाद वहां अफरातफरी मच गई। इस दौरान भीड़ में शोर मचाकर चालक को पकड़ लिया और उसकी धुनाई कर दी। परिजनों के अनुसार मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर फॉर्च्यूनर को कब्जे में लिया इसके बाद आरोपी को थाने से ही छोड़ दिया। बेटे कन्हैया ने बताया कि पिता कड़ी स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था जहां सोमवार सुबह उनकी मौत हो गई। उसने बताया कि गोविंद नगर पुलिस ने तहरीर के आधार पर फॉर्च्यूनर नंबर पर रिपोर्ट दर्ज की है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 20, 2026, 13:39 IST
UP: बसपा नेता की बेकाबू फॉर्च्यूनर ने ली फैक्टरी कर्मी की जान, परिजनों का आरोप- पुलिस ने आरोपी चालक को छोड़ा #CityStates #Kanpur #UttarPradesh #KanpurNews #UpNews #SubahSamachar
