यूपी बोर्ड: बदायूं के 98 केंद्रों पर हाईस्कूल की परीक्षा शुरू, सघन तलाशी के बाद विद्यार्थियों को मिला प्रवेश
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की परीक्षाएं बुधवार से बदायूं जिले में शुरू हो गईं। पहली पाली में हाईस्कूल की हिंदी विषय की परीक्षा आयोजित की गई, जबकि दूसरी पाली में इंटरमीडिएट की हिंदी परीक्षा कराई जाएगी। परीक्षा को लेकर सुबह से ही केंद्रों पर परीक्षार्थियों की भीड़ रही। परीक्षार्थी तय समय से पहले परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे। सभी केंद्रों पर सघन तलाशी के बाद ही विद्यार्थियों को प्रवेश दिया गया। मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स और नकल सामग्री पर पूरी तरह प्रतिबंध रहा। प्रशासन और शिक्षा विभाग की संयुक्त निगरानी में परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से जारी रही। जिले में इस वर्ष यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए 98 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर कुल 67,945 परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं, जिनमें हाईस्कूल के 37,339 और इंटरमीडिएट के 30,576 छात्र-छात्राएं शामिल हैं। सभी परीक्षा केंद्रों को ऑनलाइन किया गया है, जिनकी निगरानी कंट्रोल रूम से की जा रही है। कुछ क्षेत्रों में इंटरनेट की धीमी गति के बावजूद वैकल्पिक व्यवस्था से निगरानी जारी है। 10 अति संवेदनशील, 30 संवेदनशील केंद्र परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए जांच के बाद 10 परीक्षा केंद्रों को अति संवेदनशील और 30 को संवेदनशील घोषित किया गया है। अति संवेदनशील केंद्रों पर सशस्त्र पुलिस बल तैनात है। सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट नियमित निरीक्षण कर रहे हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 18, 2026, 09:06 IST
यूपी बोर्ड: बदायूं के 98 केंद्रों पर हाईस्कूल की परीक्षा शुरू, सघन तलाशी के बाद विद्यार्थियों को मिला प्रवेश #CityStates #Budaun #HighSchoolExams #UpBoardExam #UpBoard #Students #SubahSamachar
