UP Board Exam 2026: पूर्वांचल के पांच जिलों के नकल माफिया एसटीएफ की रडार पर, ये जिले संवेदनशील घोषित
यूपी बोर्ड परीक्षा में पूर्वांचल के नकल माफियाओं के सिंडिकेट को यूपी एसटीएफ तोड़ेगी। नकल माफियाओं की गतिविधियों पर एसटीएफ ने निगरानी बढ़ा दी है। गाजीपुर, बलिया, जौनपुर, आजमगढ़, मऊ के परीक्षा केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है। एसटीएफ वाराणसी इकाई की ओर से इन जिलों में विशेष निगरानी होगी। बोर्ड परीक्षा में अनुचित साधन का प्रयोग कर सामूहिक नकल कराने, पेपर लीक और सॉल्वर के जरिए परीक्षा दिलाने वाले नकल माफियाओं की कुंडली एसटीएफ ने खंगालनी शुरू कर दी है। माध्यमिक शिक्षा परिषद यूपी बोर्ड की ओर से शासन स्तर से एसटीएफ की सहायता मांगी गई है। बलिया, गाजीपुर, मऊ और आजमगढ़ के परीक्षा केंद्र तो सामूहिक नकल के लिए कुख्यात है। उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से लेकर महाराष्ट्र, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश तक के छात्र-छात्राएं परीक्षा के लिए पूर्वांचल के जिलों का रुख करते हैं। इसे भी पढ़ें;महाशिवरात्रि 2026: आज विश्व नाथ में दुनिया के आठ, देश के 54 मंदिरों के प्रसाद से लगेगा भोग माफियाओं का दावा होता है कि 20 हजार में हाईस्कूल और 30 हजार में इंटरमीडिएट पास कराया जाता है। बलिया और गाजीपुर के कुछ केंद्रों पर तो उड़ाका दल भी नहीं पहुंचा पाता। अगर पहुंच भी जाए तो किसी भी कक्षा में प्रवेश नहीं करता है। एसटीएफ अधिकारियों ने बताया कि बोर्ड परीक्षा को लेकर पूर्व के नकल माफियाओं की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। चिह्नित सॉल्वर गिरोह के सदस्यों की कुंडली खंगाली जा रही है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 15, 2026, 11:13 IST
UP Board Exam 2026: पूर्वांचल के पांच जिलों के नकल माफिया एसटीएफ की रडार पर, ये जिले संवेदनशील घोषित #CityStates #Varanasi #UttarPradesh #UpBoardExam2026 #VaranasiNews #UpStf #SubahSamachar
