यूपी बोर्ड: जारी हुआ नए शैक्षिक सत्र का कैलेंडर, एक दिन होगी अंग्रेजी में प्रार्थना; तय हुआ परीक्षाओं का समय
माध्यमिक शिक्षा परिषद ने शैक्षिक सत्र 2026-27 का कैलेंडर सोमवार को जारी किया है। इसमें सप्ताह में एक दिन प्रार्थना अंग्रेजी भाषा में करने या किसी विद्यालय में अन्य भाषा प्रचलित हो तो उसमें करने का प्रावधान किया है। विद्यार्थियों में स्क्रीन टाइम कम करने और समाचार पत्र पढ़ने की आदत विकसित करने के उद्देश्य से प्रार्थना सभा में रोजाना प्रमुख खबरों को पढ़वाने का प्रावधान किया गया है। साथ ही कठिन शब्दों के उच्चारण, अर्थ और वाक्य प्रयोग भी बताए जाएंगे। परिषद के सचिव भगवती सिंह ने बताया कि कैलेंडर के अनुपालन के निर्देश सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों को दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि नए सत्र में विद्यार्थियों को मोबाइल के दुष्प्रभावों और ऑनलाइन गेम्स के कुप्रभाव के प्रति जागरूक किया जाएगा। अप्रैल के प्रथम सप्ताह में नया सवेरा कार्यक्रम के तहत शिक्षा अधिकारी विद्यालयों में दो दिन प्रार्थना सभा के दौरान विद्यार्थियों से जीवन मूल्यों, अनुशासन, कॅरिअर और दिनचर्या पर संवाद करेंगे। इसमें अभिभावकों और पूर्व छात्रों को भी आमंत्रित किया जाएगा। शिक्षण प्रक्रिया को अधिक व्यावहारिक बनाने के लिए हैंड्स-ऑन एक्टिविटीज, एक्सपीरिएंशियल लर्निंग, वैज्ञानिक प्रयोग, गणितीय खेल और प्रयोगशाला गतिविधियों को शामिल किया जाएगा। विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए सप्ताह में एक दिन योग और ध्यान का आयोजन भी किया जाएगा। सभी विद्यालयों में परिषद द्वारा निर्धारित पाठ्य पुस्तकों से ही पठन-पाठन कराया जाएगा। इसके अलावा साइबर क्लब और बालिकाओं के लिए शक्ति मंच का गठन भी किया जाएगा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 24, 2026, 07:23 IST
यूपी बोर्ड: जारी हुआ नए शैक्षिक सत्र का कैलेंडर, एक दिन होगी अंग्रेजी में प्रार्थना; तय हुआ परीक्षाओं का समय #CityStates #Lucknow #UttarPradesh #UpBoardAcademicCalendar #UpBoard2027Exams #UpBoardExamSchedule #SubahSamachar
