यूपी विधानसभा: राज्यपाल पढ़ती रहीं अभिभाषण, सपा लगाती रही गर्वनर गो बैक के नारे; एसआईआर पर हंगामा

विधानमंडल के बजट सत्र की सोमवार को शुरुआत से पहले राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने दोनों सदनों के संयुक्त अधिवेशन को संबोधित किया। राज्यपाल ने अपने अभिभाषण में राज्य सरकार की उपलब्धियों का बखान करना शुरू ही किया था कि समाजवादी पार्टी के सदस्य नारे लिखे पोस्टर और राजमाता अहिल्याबाई होल्कर की तस्वीरें लेकर वेल में आ गए और हंगामा करने लगे। करीब 35 मिनट के राज्यपाल के संबोधन के दौरान सपा सदस्य लगातार हंगामा करते रहे। हालांकि राज्यपाल ने अभिभाषण पढ़ना जारी रखा। राज्यपाल के विधानसभा के मुख्य मंडप में आने से पहले ही सपा सदस्य लगातार नारेबाजी कर रहे थे। करीब 11 बजे राज्यपाल के आने पर संयुक्त अधिवेशन की शुरुआत राष्ट्रगान से हुई। इसके बाद 11:05 बजे विधानसभा अध्यक्ष ने राज्यपाल से अभिभाषण पढ़ने का अनुरोध किया तो सपा सदस्य संग्राम सिंह मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के मुद्दे पर अपनी बात कहने लगे। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने उनसे कहा कि सत्र के दौरान सबको हर मामले पर अपनी बात रखने का मौका दिया जाएगा। हालांकि सपा सदस्यों ने विरोध करना शुरू कर दिया और सभी वेल में आकर 'गवर्नर मैडम गो बैक' का नारा लगाने लगे। सपा सदस्यों के शोर मचाने पर राज्यपाल ने कहा कि इतना चिल्लाने से गला बैठ जाएगा। सपा सदस्य भाषण बंद करो के नारे लगाते रहे, जबकि भाजपा और उसके सहयोगी दल राज्यपाल द्वारा गिनाई जा रहीं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का मेज थपथपाकर सराहना करते रहे।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 09, 2026, 18:54 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




यूपी विधानसभा: राज्यपाल पढ़ती रहीं अभिभाषण, सपा लगाती रही गर्वनर गो बैक के नारे; एसआईआर पर हंगामा #CityStates #Lucknow #UttarPradesh #UpBudgetSession2026 #GovernorGoBack #UproarOverSir #SubahSamachar