Una News: हाईटेक कैमरों की निगरानी में होगा ऊना का सीमावर्ती इलाका
हरोली (ऊना)। ऊना जिला के हरोली विधानसभा क्षेत्र का सीमावर्ती इलाका अब हाईटेक कैमरों की निगरानी में रहेगा। पंजाब सीमा से सटे क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और यातायात नियमों की सख्ती से पालना सुनिश्चित करने के लिए 60 स्थानों पर करीब 200 आधुनिक कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों के माध्यम से वाहन चालकों की हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाएगी।पुलिस विभाग की ओर से तैयार की गई इस आधुनिक व्यवस्था के तहत अगले एक महीने तक सभी कैमरों को पूरी तरह ऑनलाइन संचालित किया जाएगा। इस दौरान कैमरों की कार्यप्रणाली, नेटवर्क और निगरानी प्रणाली की टेस्टिंग भी की जाएगी। कैमरों को इस प्रकार स्थापित किया गया है कि सीमावर्ती क्षेत्रों से गुजरने वाले हर छोटे-बड़े वाहन की आवाजाही का रिकॉर्ड सुरक्षित रहेगा। विशेष बात यह है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के चालान अब ऑटोमेटिक कटेंगे। कैमरों में लगे अत्याधुनिक सॉफ्टवेयर सीट बेल्ट न लगाने, हेल्मेट के बिना दोपहिया वाहन चलाने, ओवरस्पीड, गलत नंबर प्लेट और संदिग्ध गतिविधियों की स्वतः पहचान करेंगे। नियमों का उल्लंघन करते ही वाहन नंबर के आधार पर ऑनलाइन चालान जारी हो जाएगा। पुलिस के अनुसार यह व्यवस्था अपराध नियंत्रण में भी अहम भूमिका निभाएगी। पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि हाईटेक कैमरा प्रणाली शुरू होने से क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगेगा और यातायात व्यवस्था में भी सुधार आएगा। खासकर पंजाब सीमा से जुड़े क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों, चोरी, नशा तस्करी और संदिग्ध वाहनों की पहचान करने में पुलिस को बड़ी मदद मिलेगी।ये इलाके हैं संवेदनशील ध्यान रहे कि जिला का टाहलीवाल, बाथड़ी, पोलियां बीत, पंडोगा, आशापुरी, गगरेट, मरवाड़ी, मैहतपुर ऐसे इलाके हैं, जहां से पंजाब को मुख्य सड़क मार्ग जाते हैं। प्रतिदिन हजारों वाहन चालक यहां से आवाजाही करते हैं। बीते वर्षों में अधिकतर आपराधिक गतिविधियों में इन्हीं रास्तों से होकर अपराधी आवाजाही करते आए हैं। ----डीएसपी कार्यालय से होगी मॉनिटरिंगइस पूरे सिस्टम की मॉनिटरिंग के लिए डीएसपी हरोली कार्यालय में अत्याधुनिक कंट्रोल रूम तैयार किया जा रहा है। यहां बड़ी स्क्रीन के माध्यम से सीमावर्ती क्षेत्रों की हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। कंट्रोल रूम में तकनीकी कर्मचारियों और पुलिस कर्मियों की तैनाती भी की जाएगी ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 17, 2026, 00:18 IST
Una News: हाईटेक कैमरों की निगरानी में होगा ऊना का सीमावर्ती इलाका #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar
