Una News: ऊना-पंगलू एचआरटीसी बस सेवा एक सप्ताह से बंद, बढ़ी परेशानी
बड़ूही (ऊना)। ऊना जिले के ग्रामीण क्षेत्रों को जिला मुख्यालय से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण ऊना-पंगलू एचआरटीसी बस सेवा पिछले एक सप्ताह से बंद होने के कारण क्षेत्र के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बस सेवा ठप होने से चौकीमन्यार, बैरियां, जंदोह, सूरी, कुदेट, रपोह मिसरां, सरोई सहित आधा दर्जन से अधिक गांवों के हजारों लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है। यह बस सेवा कई गांवों के लिए जिला मुख्यालय तक पहुंचने का प्रमुख और एकमात्र सार्वजनिक परिवहन साधन मानी जाती है।ग्रामीणों के अनुसार बस सेवा बंद होने से विद्यार्थियों, कर्मचारियों, महिलाओं, बुजुर्गों और दैनिक यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए निजी वाहनों या महंगे किराये के साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है। स्कूल-कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों पर इसका सबसे अधिक असर पड़ा है। वहीं, स्वास्थ्य संबंधी कार्यों के लिए जिला मुख्यालय जाने वाले मरीजों और बुजुर्गों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने बताया कि बस सेवा बंद होने से क्षेत्र की कई पंचायतों का जिला मुख्यालय और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों से संपर्क प्रभावित हुआ है। यात्रियों में रवि कुमार, बलवीर सिंह, मोहन सिंह, संजीव कुमार, लक्की और सना सहित अन्य ने प्रशासन से मांग की है कि जनहित को देखते हुए ऊना-पंगलू बस सेवा को तुरंत दोबारा शुरू किया जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द बस सेवा बहाल नहीं की गई तो उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में है और उन्होंने इस विषय को लेकर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री से चर्चा की है। उपमुख्यमंत्री ने बस सेवा को जल्द बहाल करवाने का आश्वासन दिया है। विधायक ने कहा कि ग्रामीणों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।बसों और स्टाफ की कमी बनी वजहहिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) ऊना के क्षेत्रीय प्रबंधक राजेश जोशी ने बताया कि बसों की कमी तथा स्टाफ के ठहरने की उचित व्यवस्था न होने के कारण फिलहाल ऊना–पंगलू बस सेवा बंद रखनी पड़ी है। उन्होंने कहा कि डिपो को जल्द नई इलेक्ट्रिक बसें मिलने वाली हैं। नई बसों के संचालन के बाद इस रूट पर बस सेवा दोबारा शुरू कर दी जाएगी, जिससे क्षेत्र के लोगों को राहत मिलेगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 17, 2026, 23:27 IST
Una News: ऊना-पंगलू एचआरटीसी बस सेवा एक सप्ताह से बंद, बढ़ी परेशानी #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar
