Una News: नागरिक अस्पताल अंब में एक दिन मिल रही अल्ट्रासाउंड की सुविधा

ऊना। नागरिक अस्पताल अंब में अल्ट्रासाउंड सुविधा सीमित होने के कारण क्षेत्र के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल में सप्ताह में केवल एक दिन ही अल्ट्रासाउंड किए जा रहे हैं। यह सुविधा भी मुख्य रूप से गर्भवती महिलाओं के लिए उपलब्ध करवाई जा रही है। अन्य मरीजों को जांच करवाने के लिए निजी अस्पतालों और डायग्नोस्टिक केंद्रों की ओर रुख करना पड़ रहा है जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।नागरिक अस्पताल अंब में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। पेट दर्द, किडनी, लीवर और अन्य बीमारियों से संबंधित मरीजों को चिकित्सक अक्सर अल्ट्रासाउंड करवाने की सलाह देते हैं लेकिन अस्पताल में वर्तमान में केवल गर्भवती महिलाओं के ही अल्ट्रसाउंड हो पाते हैं। दूसरी तरफ इन महिलाओं को भी केवल शुक्रवार के दिन ही यह सुविधा मिल पाती है। ऐसे में अल्ट्रसाउंड सुविधा का लाभ लोगों को सुचारु रूप से नहीं मिल पा रहा है। नियमित सुविधा उपलब्ध न होने से मरीजों को निराश लौटना पड़ता है। मजबूरी में मरीजों को निजी केंद्रों पर महंगे दामों में जांच करवानी पड़ रही है। इससे अन्य मरीजों के लिए कोई स्थायी व्यवस्था नहीं होने से समस्या लगातार बनी हुई है। नागरिक अस्पताल अंब पर नगर पंचायत अंब के अलावा करीब 50 ग्राम पंचायतों के स्वास्थ्य का जिम्मा है। इस कारण अस्पताल में नियमित अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू करने और विशेषज्ञ चिकित्सक की तैनाती करने की मांग काफी समय से उठाई जा रही है। कार्यकारी खंड स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राहुल कतना ने बताया कि अस्पताल में स्थायी तौर पर रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती के लिए उच्च अधिकारियों के समक्ष मांग उठाई गई है। इस पर जो भी निर्णय होगा, विभाग के स्तर पर ही तय होगा।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 14, 2026, 00:03 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Una News: नागरिक अस्पताल अंब में एक दिन मिल रही अल्ट्रासाउंड की सुविधा #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar