Ukraine: 'वास्तविक शांति लाने के लिए यूक्रेन समझौते को तैयार', जेलेंस्की ने बताया- कहां गलती कर रहा यूरोप
यूक्रेन शांति समझौते के लिए तैयार हो गया है। राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने जर्मनी के म्यूनिख में कहा कि यूक्रेन एक ऐसे समझौते के लिए तैयार है, जो वास्तविक शांति लाएगा। म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन में राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा, 'यूक्रेन एक ऐसे समझौते के लिए तैयार है जो हमारे लिए, यूक्रेन के लिए और यूरोप के लिए वास्तविक शांति लाएगा।' उन्होंने कहा कि इस संकट को सम्मानजनक तरीके से समाप्त किया जा सकता है और यह हमारे लिए सबसे महत्वपूर्ण है। जेलेंस्की ने यूरोप को चेताया जेलेंस्की का कहना है कि यूरोप व्यावहारिक रूप से बातचीत की मेज पर मौजूद नहीं है, जो एक बड़ी गलती है। न्यूज एजेंसी शिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, यूक्रेन बातचीत की प्रक्रिया में यूरोप को पूरी तरह से शामिल करने की कोशिश कर रहा है, ताकि यूरोप के हितों और उसकी आवाज का ध्यान रखा जा सके। जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन इन वार्ताओं को सफल बनाने के लिए सब कुछ करेगा और वह अमेरिकी प्रतिनिधियों के साथ लगातार संपर्क में है। इस बीच, रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने इस महीने की शुरुआत में कहा था कि रूस अमेरिकी नेताओं के साथ बनी सहमति के आधार पर यूक्रेन संकट का बातचीत से हल निकालने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा, 'रूस पिछले साल अगस्त में अलास्का के एंकोरेज शहर में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच हुई वार्ता के नतीजों के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। मॉस्को को उम्मीद है कि ईमानदार और सीधी वार्ता के लिए तैयार साझेदारों के साथ आपसी सहमति वाले समझौते में उसके हितों का पूरी तरह से ध्यान रखा जाएगा।' रूस ने कहा- दोहरे मानकों का विरोध करेंगे लावरोव ने कहा कि रूस अंतरराष्ट्रीय मामलों में सच्चाई और न्याय को बनाए रखेगा व संयुक्त राष्ट्र चार्टर के उद्देश्यों और सिद्धांतों पर आधारित एक बहुपक्षीय दुनिया को बढ़ावा देगा। उन्होंने यह भी कहा कि मॉस्को दोहरे मानकों, छिपे हुए एजेंडे, थोपे गए सेटलमेंट फॉर्मूले और साथ ही नव-उपनिवेशवाद और आधिपत्यवाद के तरीकों का विरोध करेगा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 15, 2026, 11:32 IST
Ukraine: 'वास्तविक शांति लाने के लिए यूक्रेन समझौते को तैयार', जेलेंस्की ने बताया- कहां गलती कर रहा यूरोप #World #International #Ukraine #Russia #RussiaUkraine #Zelenskyy #Putin #SubahSamachar
