Kangra News: भूस्खलन की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवक घायल

धर्मशाला। कोतवाली बाजार-खनियारा मार्ग पर चरान खड्ड पर बने दाड़नू पुल के पास शनिवार को अचानक भूस्खलन हो गया। भूस्खलन की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पहाड़ी से अचानक गिरे भारी पत्थरों और मलबे से बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई, जिससे बाइक सवार नादौन निवासी ललित शर्मा और आंध्रप्रदेश के हरि प्रसाद घायल हो गए हैं।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों युवक चरान खड्ड के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान अचानक पहाड़ी से भारी मात्रा में पत्थर और मलबा आ गिरा और बाइक उसकी चपेट में आ गई। बाइक सवारों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे के बाद राहगीरों ने दोनों को मलबे से बाहर निकाला और क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला पहुंचाया। गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद ललित शर्मा को डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर कर दिया, जबकि हरि प्रसाद का उपचार क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला में जारी है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली पर कड़ा रोष जताया है। लोगों का कहना है कि चरान खड्ड मार्ग पर लगातार भूस्खलन होने के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई स्थायी सुरक्षा उपाय नहीं किए गए हैं। उधर, लोक निर्माण विभाग मंडल धर्मशाला-1 के एसडीओ शुभंक शर्मा ने बताया कि सूचना मिलने के बाद सड़क से मलबे को हटाकर यातायात बहाल कर दिया है। विभाग ने पहले भी खतरनाक पत्थरों को हटाया था, लेकिन बारिश के दौरान भूस्खलन का अंदेशा बना रहता है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Aug 01, 2026, 18:59 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Kangra News: भूस्खलन की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवक घायल #KangraNews #TodayNews #KangraHindiNews #SubahSamachar