Una News: फर्जी नंबर वाली चोरी की बाइक सहित दो युवक काबू
भरवाईं (ऊना)। चिंतपूर्णी पुलिस ने रविवार देर रात भरवाईं चौक पर नाके के दौरान फर्जी नंबर प्लेट लगी चोरी की बाइक सहित दो युवकों को काबू किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से फर्जी आरसी भी बरामद की है।जानकारी के अनुसार रात करीब दो बजे ट्रैफिक पुलिस टीम नाके पर वाहनों की जांच कर रही थी। इस दौरान हेड कांस्टेबल परमजीत ने भरवाईं की ओर से आ रहे एक बाइक सवार को रोका। कागजात मांगने पर युवक कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिस पर पुलिस को शक हुआ। गहन जांच के दौरान खुलासा हुआ कि बाइक पर लगा नंबर किसी स्कूटी का है जबकि युवक द्वारा दिखाए गए दस्तावेज भी फर्जी निकले। आगे की पड़ताल में सामने आया कि उक्त बाइक दो वर्ष पहले पंजाब के फाजिल्का से चोरी हुई थी, जिसकी रिपोर्ट पहले ही दर्ज है। पुलिस ने बाइक सवार दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया है, जो फरीदकोट के निवासी बताए जा रहे। इसके अलावा पुलिस ने उसी नाके के दौरान रात करीब ढाई बजे एक स्कूटी को भी जब्त किया, जिसका चालक वाहन के कागजात दिखाने में असफल रहा। थाना प्रभारी जयराम शर्मा के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई को क्षेत्र में अपराध पर लगाम लगाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ जारी है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 28, 2026, 00:14 IST
Una News: फर्जी नंबर वाली चोरी की बाइक सहित दो युवक काबू #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar
