UP: टावर पर चढ़ी दो युवतियां, मचा हड़कंप, प्रशासन के हाथ-पांव फूले; पुलिस और अधिकारी सुरक्षित उतारने में जुटे
महराजगंज में नगर पालिका परिषद महराजगंज के सरोजनी नगर वार्ड स्थित सूचना कार्यालय के समीप उस समय हड़कंप मच गया, जब दो युवतियां मोबाइल टावर पर चढ़ गईं। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुटी हुई है, जबकि पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी युवतियों को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में लगे हुए हैं। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि टावर पर चढ़ी युवतियों में एक पंजाब की रहने वाली बताई जा रही है, जो स्थानीय एक आर्केस्ट्रा में डांसर के रूप में कार्य करती है। दूसरी युवती की पहचान और उसके संबंध में जानकारी जुटाने का प्रयास पुलिस कर रही है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पूर्व उक्त युवती ने आर्केस्ट्रा संचालक के बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था, जिसके बाद पुलिस ने आरोपित को जेल भेज दिया था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि उसी मामले या किसी अन्य विवाद को लेकर युवतियां टावर पर चढ़ी हैं। हालांकि, अभी तक उनके टावर पर चढ़ने के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है। पुलिस लगातार युवतियों को समझाने-बुझाने में जुटी हुई है। सदर कोतवाल निर्भय कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार को करीब साढ़े सात बजे दो युवतियों के मोबाइल टावर पर चढ़ने की सूचना मिली थी। इसके बाद तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया और युवतियों को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच पड़ताल कर रही है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 22, 2026, 10:11 IST
UP: टावर पर चढ़ी दो युवतियां, मचा हड़कंप, प्रशासन के हाथ-पांव फूले; पुलिस और अधिकारी सुरक्षित उतारने में जुटे #CityStates #Maharajganj #MaharajganjUpNews #MaharajganjNews #MaharajganjPolice #SubahSamachar
