Una News: नंगल कलां में 12 घंटे के भीतर चोरी की दो वारदातें
टाहलीवाल (ऊना)। औद्योगिक क्षेत्र टाहलीवाल के तहत गांव नंगल कलां में 12 घंटे के भीतर चोरी की दो बड़ी वारदातों ने क्षेत्र में दहशत फैला दी। अज्ञात चोरों ने दो अलग-अलग घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहने और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। लगातार हुई चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भारी रोष है और पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पहली वारदात शुक्रवार देर रात सामने आई, जब चोरों ने गांव निवासी निर्मल सिंह के घर में सेंध लगाई। अज्ञात बदमाश रात के समय घर में घुस आए और अलमारी को खंगालते हुए कीमती जेवरात चोरी कर ले गए। चोरी हुए सामान में दो सोने की चेन, दो सोने की नथ, चार सोने की अंगुठियां, एक चांदी की पायल, चांदी के 20 सिक्के तथा चांदी के आठ कंगन बताए जा रहे हैं। शनिवार सुबह परिवार के सदस्यों ने घर के भीतर सामान बिखरा देखा तो चोरी का पता चला। इसके बाद मामले की सूचना तुरंत थाना टाहलीवाल पुलिस को दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी।इसके कुछ ही घंटे बाद शनिवार दोपहर को गांव में चोरी की दूसरी बड़ी वारदात सामने आ गई। चोरों ने नंगल कलां निवासी जोगिंदर सिंह पुत्र सुच्चा सिंह के सूने घर को निशाना बनाया। बताया जा रहा कि परिवार किसी रिश्तेदारी में गया हुआ था। इसी दौरान दोपहर करीब 12 बजे से दो बजे के बीच चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में घुस गए। चोरों ने घर के अंदर रखी पेटियों और ट्रंकों के ताले तोड़कर पूरे घर को खंगाल डाला। परिजनों के अनुसार चोर करीब 30 हजार रुपये की नकदी और सोने के गहनों का पूरा सेट चोरी कर ले गए। चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी जा रही। बताया जा रहा है कि परिवार ने शादी की तैयारियों के चलते हाल ही में गहने बनवाए थे। जब परिवार के सदस्य घर लौटे तो मुख्य दरवाजे और पेटियों के टूटे ताले देखकर उनके होश उड़ गए। घर के भीतर सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि दोनों मामलों की हर पहलू से जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 13, 2026, 19:41 IST
Una News: नंगल कलां में 12 घंटे के भीतर चोरी की दो वारदातें #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar
