UP News: टनकपुर-नांदेड़ एक्सप्रेस का संचालन शुरू, पीलीभीत और तराई के लोगों का सफर हुआ आसान
पीलीभीत जनपद के लोगों के लिए सोमवार का दिन ऐतिहासिक रहा। पीलीभीत रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में रेल मंत्रालय की ओर से दो महत्वपूर्ण रेल सेवाओं का वर्चुअल माध्यम से शुभारंभ किया गया। सुबह करीब 11 बजे आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर टनकपुर-पीलीभीत पैसेंजर ट्रेन के शाहजहांपुर तक विस्तार का शुभारंभ किया। इसके साथ ही टनकपुर से नांदेड़ के लिए नई रेल सेवा का भी विधिवत उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद, बीसलपुर विधायक विवेक वर्मा, बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष आस्था अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि, रेलवे के अधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि टनकपुर–पीलीभीत पैसेंजर गाड़ी का शाहजहांपुर तक मार्ग विस्तार होने से पीलीभीत, टनकपुर, शाहजहांपुर तथा आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। इससे दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों की यात्रा अधिक सुगम होगी तथा क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलेगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 06, 2026, 14:13 IST
UP News: टनकपुर-नांदेड़ एक्सप्रेस का संचालन शुरू, पीलीभीत और तराई के लोगों का सफर हुआ आसान #CityStates #Pilibhit #UttarPradesh #Train #Railway #RailwayNews #SubahSamachar
