Rajasthan: सिरोही में अवैध रूप से रह रहीं दो बांग्लादेशी महिलाएं गिरफ्तार, सखी सेंटर में रखा गया
आबूरोड शहर के उमरणी क्षेत्र में अवैध रूप से रह रही दो बांग्लादेशी महिला नागरिकों को पुलिस ने पकड़ा है। दोनों महिलाएं एकांत में बने मकान में छिपकर रह रही थीं। प्रारंभिक पूछताछ के बाद उन्हें सिरोही जिला मुख्यालय स्थित वन स्टॉप सखी सेंटर लाया गया है। फिलहाल दोनों को वहीं रखा गया है तथा उनके बांग्लादेश प्रत्यावर्तन के लिए आवश्यक अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। जोधपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक के निर्देश पर जिले में अवैध बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ के निर्देशन में मुखबिर की सूचना पर आबूरोड के उमरणी स्थित रॉयल राजस्थान स्कूल के सामने एकांत में बने मकान पर दबिश दी गई। वहां पहली मंजिल पर दो महिलाएं मिलीं, जिन्होंने पूछताछ में अपनी पहचान बांग्लादेश निवासी मोनिया खातून और ईसा इस्लाम के रूप में बताई। आबूरोड सदर थाने में प्रारंभिक पूछताछ के दौरान दोनों महिलाएं भारत में रहने के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब या वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकीं। इसके बाद जिला विशेष शाखा, आईबी सिरोही, सीआईडी जोन यूनिट और अन्य एजेंसियों ने उनसे विस्तृत पूछताछ की। पढ़ें:वीडियो बनाने से रोका तो भड़के युवक, ग्रामीणों को रौंदने का प्रयास; एक का हाथ टूटा पूछताछ में दोनों महिलाओं ने स्वीकार किया कि वे अवैध रूप से बांग्लादेश से भारत में प्रवेश कर विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए उमरणी पहुंची थीं। जांच में उनके पास किसी भी प्रकार के यात्रा या पहचान संबंधी वैध दस्तावेज नहीं मिले। पुलिस ने बताया कि दोनों महिलाओं के बांग्लादेश प्रत्यावर्तन के लिए सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), पश्चिम बंगाल, गृह विभाग, आसूचना ब्यूरो (आईबी) तथा संबंधित एजेंसियों से समन्वय किया जा रहा है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें वापस भेजने की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने कहा कि जिले में विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा और अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आमजन से अपील की गई है कि आसपास किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 9530431323 पर दें। इस कार्रवाई में आबूरोड सदर थानाधिकारी प्रदीप डांगा, जिला विशेष शाखा प्रभारी चन्द्रवीर, महावीर सिंह, मोहब्बत सिंह, अमृत, दिनेश, महिला कांस्टेबल सुन्दर तथा कालिका यूनिट आबूरोड की कांस्टेबल सुगना शामिल रहीं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 20, 2026, 19:55 IST
Rajasthan: सिरोही में अवैध रूप से रह रहीं दो बांग्लादेशी महिलाएं गिरफ्तार, सखी सेंटर में रखा गया #CityStates #Crime #Rajasthan #Sirohi #SirohiNews #SirohiViralNews #SirohiLatestNews #SirohiHindiNews #SubahSamachar
