Uttarkashi News: हार्ट अटैक से यमुनोत्री में दो श्रद्धालुओं की मौत

बड़कोट। यमुनोत्री धाम की यात्रा के दौरान बृहस्पतिवार को हार्ट अटैक से दो श्रद्धालुओं की मौत हुई है। दोनों श्रद्धालुओं को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जानकीचट्टी लाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बृहस्पतिवार सुबह यमुनोत्री धाम की यात्रा पर आई एक महिला श्रद्धालु का स्वास्थ्य खराब होने पर 108 सेवा के माध्यम से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जानकीचट्टी लाया गया जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित किया। मृतका की पहचान वंदना विजय सिंह बघेल (62) निवासी भिंड मलटेकडी श्याम नगर, अमरावती, महाराष्ट्र के रूप में हुई है। वहीं दूसरी ओर दोपहर में एसडीआरएफ की टीम ने एक पुरुष श्रद्धालु को स्वास्थ्य खराब होने पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जानकीचट्टी पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान पटेल नितिनभाई बालू भाई (68) निवासी भावनगर, गुजरात के रूप में हुई है। वर्तमान यात्राकाल में अब तक एक महीने के अंतराल में यमुनोत्री धाम यात्रा पर आए 10 तीर्थयात्रियों की मौत हो चुकी है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा प्रभारी अखिल राणा ने इसकी पुष्टि की है। बताया है कि दोनों श्रद्धालुओं की हार्ट अटैक से मृत्यु हुई है। संवाद

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 21, 2026, 16:19 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Uttarkashi News: हार्ट अटैक से यमुनोत्री में दो श्रद्धालुओं की मौत #TwoDevoteesDieOfHeartAttackInYamunotri #SubahSamachar