Haridwar News: तमंचे के साथ पिल्ला गैंग के दो आरोपी गिरफ्तार
हरिद्वार। कनखल पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए पिल्ला गैंग के दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और सुआ बरामद हुआ है। आरोपी मारपीट की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर क्षेत्र में दहशत फैलाते थे। दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, बीती 10 अप्रैल को कुलदीप के पुत्र के साथ हुई मारपीट के मामले में कनखल कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। जांच के दौरान 11 आरोपी प्रकाश में आए थे। इससे पहले पुलिस दो नाबालिग समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।इसी क्रम में सात मई को अरुण उर्फ बोडा निवासी शिवपुरी गली नंबर-5 कनखल और रवि सिंह उर्फ सरदार निवासी सतीघाट, थाना कनखल, को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि रवि उर्फ सरदार कनखल क्षेत्र की कई आपराधिक घटनाओं में शामिल रहा है और पूर्व में पुलिस अभिरक्षा से भी फरार हो चुका है। इंस्टाग्राम पर अपलोड मारपीट की वीडियो और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपियों की पहचान की गई। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी किसी व्यक्ति की हत्या की फिराक में घूम रहे थे। दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 08, 2026, 14:59 IST
Haridwar News: तमंचे के साथ पिल्ला गैंग के दो आरोपी गिरफ्तार #TwoAccusedOfPillaGangArrestedWithPistol #SubahSamachar
