Haridwar News: अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के दो आरोपी गिरफ्तार

हरिद्वार। ज्वालापुर पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी मोहसिन और गुल्सान निवासीगण ग्राम गाडोवाली थाना पथरी के कब्जे से चोरी की दस मोटरसाइकिल और स्कूटी बरामद की गई है। आरोपी हरिद्वार और देहरादून से बाइक व स्कूटी चोरी कर उन्हें नहर पटरी किनारे स्थित एक खंडहर में छिपाकर रखते थे। दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। ज्वालापुर कोतवाली परिसर में मंगलवार को एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि इमलीखेड़ा निवासी शुभम कुमार ने चार मार्च को शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी मोटरसाइकिल ऊंचा पुल ज्वालापुर स्थित महाराजा फर्नीचर के पास से चोरी कर ली गई। इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज की गई। प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित करते हुए वाहन चोरी पर रोक लगाने और आरोपियों को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए गए। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों की तलाश शुरू की।एसएसपी ने बताया कि सोमवार रात चेकिंग के दौरान पुलिस ने नहर पटरी स्थित रेगुलेटर पुल के पास से दो संदिग्ध युवकों को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ पकड़ लिया। दोनों की पहचान मोहसिन और गुल्सान निवासी गाड़ोवाली पथरी के रूप में हुई। पूछताछ में उन्होंने बताया कि बाइक उन्होंने ऊंचा पुल ज्वालापुर से चोरी की थी। दोनों की निशानदेही पर पुरानी कांवड़ पटरी के पास एक खंडहर से आठ मोटरसाइकिल और दो स्कूटी बरामद की गईं। आरोपी इन वाहनों को हरिद्वार और देहरादून के विभिन्न क्षेत्रों से चोरी कर यहां छिपाकर रखते थे। ---------------------एक आरोपी राजमिस्त्री तो दूसरा है मैकेनिक एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि बरामद कई वाहन देहरादून के अलग-अलग थानों में दर्ज चोरी के मामलों से संबंधित पाए गए हैं। बताया कि दोनों आरोपी कम पढ़े लिखे हैं। मोहसिन राजमिस्त्री का काम करता है, जबकि गुल्सान ई-रिक्शा मैकेनिक है, लेकिन दोनों वाहन चोरी में माहिर हैं। आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। दोनों को मंगलवार को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया। प्रेस वार्ता में एसपी निशा यादव, सीओ ज्वालापुर संजय चौहान, इंस्पेक्टर केएस राणा, एसएसआई खेमेंद्र गंगवार आदि मौजूद रहे।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Mar 10, 2026, 14:14 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Haridwar News: अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के दो आरोपी गिरफ्तार #TwoAccusedOfInter-stateVehicleTheftGangArrested #SubahSamachar