Una News: मां चिंतपूर्णी मंदिर के लिए 12.25 करोड़ की पेयजल योजना का ट्रायल सफल
भरवाईं (ऊना)। प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर के लिए जल शक्ति विभाग की ओर से 12.25 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की गई महत्वाकांक्षी पेयजल योजना का ट्रायल सफल रहा है। अब इस बहुप्रतीक्षित योजना का विधिवत उद्घाटन एवं शुभारंभ शनिवार को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री करेंगे। इस अवसर पर चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू भी विशेष रूप से मौजूद रहेंगे।जल शक्ति विभाग द्वारा निर्धारित समय से पहले इस परियोजना का निर्माण कार्य पूरा किया गया है। करीब 17 किमी दूर कलरूही खड्ड से माता चिंतपूर्णी मंदिर परिसर तक इस योजना के तहत पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की गई है। परियोजना के अंतर्गत छह बड़े जल संग्रहण टैंकों का निर्माण किया गया है, जिनमें लाखों लीटर पानी संग्रहित किया जा सकेगा। पंप हाउस से महज 15 मिनट में पानी लगभग 17 किमी की दूरी तय कर मंदिर परिसर में बने जल भंडारण टैंकों तक पहुंचेगा। इस योजना के तहत चार ट्यूबवेल और 215 हॉर्स पावर के तीन अत्याधुनिक पंप सेट स्थापित किए गए हैं। प्रतिदिन करीब 15 लाख लीटर पानी उठाकर विभिन्न टैंकों के माध्यम से मंदिर क्षेत्र और आसपास के इलाकों में आपूर्ति की जाएगी। यह योजना न केवल चिंतपूर्णी मंदिर परिसर बल्कि भरवाईं और आसपास के क्षेत्रों की हजारों की आबादी को भी लाभ पहुंचाएगी। विशेषकर मेले और नवरात्रों के दौरान जब यहां भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, उस समय पेयजल की समस्या से काफी राहत मिलेगी।विभागीय अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती चरण में योजना को वैकल्पिक रूप से संचालित किया गया था। भूमि संबंधित कुछ मुद्दों के कारण थोड़ी देरी अवश्य हुई, लेकिन संबंधित विभाग और स्थानीय लोगों के सहयोग से कार्य समय पर पूरा किया गया। भूमि उपलब्ध करवाने वाले ग्रामीणों का भी आभार व्यक्त किया गया है। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री द्वारा योजना के उद्घाटन के साथ ही क्षेत्र की जनता को समर्पित किया जाएगा। विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के लिए मील का पत्थर साबित होगी और भविष्य में जल संकट की समस्या से स्थायी समाधान मिलेगा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 27, 2026, 22:48 IST
Una News: मां चिंतपूर्णी मंदिर के लिए 12.25 करोड़ की पेयजल योजना का ट्रायल सफल #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar
