ट्रायल : सब्जी मंडी-सोनीपत के बीच 120 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ाई हाइड्रोजन ट्रेन
सोनीपत। दिल्ली-अंबाला रेलमार्ग पर पहली बार शुक्रवार को देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का स्पीड ट्रायल रन हुआ। अनुसंधान अभिकल्प एवं मानक संगठन (आरडीएसओ) की टीम की तरफ से सब्जी मंडी-सोनीपत जंक्शन के बीच 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हाइड्रोजन ट्रेन दौड़ाई गई। हाई स्पीड ट्रायल के जरिए विभिन्न तकनीकी पहलुओं की जांच की गई। अभी तक हाइड्रोजन ट्रेन जींद से सोनीपत के बीच 89 किलोमीटर लंबे रेलमार्ग पर दौड़ाई जा रही थी। शुक्रवार को हाइड्रोजन ट्रेन का स्पीड ट्रायल रन दिल्ली-अंबाला रेलमार्ग में सब्जी मंडी से सोनीपत जंक्शन के बीच किया गया। सब्जी मंडी से यह ट्रेन सुबह 8:50 बजे रवाना हुई तो 40 किमी की दूरी तय करते हुए सोनीपत जंक्शन पर यह ट्रेन सुबह 9:20 बजे पहुंची थी। वापसी में यह 9:50 बजे रवाना हुई। इसके बाद दोपहर भी इस ट्रेन का ट्रायल किया गया और इसमें करीब 45 मिनट लगे। शाम 5 बजे हाइड्रोजन ट्रेन ने सब्जी मंडी से सोनीपत के लिए रफ्तार भरी तो सोनीपत स्टेशन पर यह ट्रेन शाम 5:30 बजे पहुंची। इसके बाद 5:50 बजे हाइड्रोजन ट्रेन सोनीपत से सब्जी मंडी के लिए रवाना हुई। वहां से वापस आने के बाद देर शाम सोनीपत से हाइड्रोजन ट्रेन को जींद के लिए रवाना किया गया। स्पीड ट्रायल रन के दौरान ब्रेकिंग सिस्टम, इंजन की क्षमता, सुरक्षा मानकों, कंपन, ट्रैक पर स्थिरता और विभिन्न परिस्थितियों में ट्रेन के प्रदर्शन का आंकलन किया गया। नीली होगी ट्रेन व इस पर होंगी सफेद धारियांपहली हाइड्रोजन-पावर्ड ट्रेन हरियाणा के जींद से सोनीपत के बीच चलेगी। यह ट्रेन नीले रंग की होगी जिस पर सफेद धारियां बनी होंगी। सब्जी मंडी-सोनीपत जंक्शन के बीच पहली बार हाइड्रोजन ट्रेन का स्पीड रन ट्रायल होने से लोगों में इस बात का इंतजार है कि यह ट्रेन कब यात्रियों को बैठाकर फर्राटा भरेगी। रेलवे अधिकारी शुक्रवार को हुए स्पीड ट्रायल रन के दौरान ट्रेन की गति और प्रदर्शन पर नजर रख रहे थे ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि ट्रेन सभी तकनीकी मानकों को सही तरीके से पूरा कर रही है। इस सफल परीक्षण को यात्री सेवा शुरू होने से पहले का अहम चरण माना है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 26, 2026, 20:25 IST
ट्रायल : सब्जी मंडी-सोनीपत के बीच 120 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ाई हाइड्रोजन ट्रेन #Trial:HydrogenTrainRunAt120KmphBetweenSabziMandiAndSonipat. #SubahSamachar
