Narmadapuram News: इटारसी के पथरौटा नहर पुल पर भीषण हादसा, नहर में समाई तेज रफ्तार कार, तीन युवकों की मौत
नर्मदापुरम जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। भोपाल-बैतूल पुराने नेशनल हाईवे पर इटारसी के पथरौटा नहर पुल के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई। इस हादसे में कार सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना शुक्रवार और शनिवार की दरम्यानी रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। आई-20 कार केसला की तरफ से इटारसी की ओर जा रही थी। पुल पर पहुंचते ही वाहन चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और कार सुरक्षा बैरियर तोड़ते हुए सीधे नीचे बह रही नहर में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने नहर में गिरती कार देखी और मदद के लिए दौड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार के अंदर फंसे युवकों की आवाजें कुछ देर तक सुनाई देती रहीं। स्थानीय लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया और पुलिस को सूचना दी, लेकिन नहर में तेज पानी के बहाव और बंद दरवाजों के कारण कोई सफल नहीं हो सका। ये भी पढ़ें-कोटेश्वर महादेव के पूजन के साथ शिवरात्रि उत्सव शुरू, इस बार दस दिन दूल्हा बनेंगे त्रिलोकीनाथ सूचना मिलते ही पथरौटा और इटारसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हालात को देखते हुए होमगार्ड और SDERF की टीम को भी बुलाया गया। तेज बहाव के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन चुनौतीपूर्ण रहा। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद कार को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक तीनों युवकों की जान जा चुकी थी। पुलिस को कार से शराब की बोतलें मिली हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि हादसे के समय कार सवार नशे में हो सकते हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि हादसे की असली वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। मृतकों में एक युवक ग्राम रैसलपुर का निवासी बताया गया है, जबकि दो युवक इटारसी क्षेत्र के रहने वाले थे। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए इटारसी के सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की पड़ताल में जुटी है और नहर पुल के आसपास स्थित ढाबों व दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 07, 2026, 06:02 IST
Narmadapuram News: इटारसी के पथरौटा नहर पुल पर भीषण हादसा, नहर में समाई तेज रफ्तार कार, तीन युवकों की मौत #CityStates #Crime #MadhyaPradesh #Narmadapuram #CarSinksInCanal #3YouthsKilled #ItarsiAccident #PathrautaCanalBridge #CarFallsIntoCanal #ThreeYouthsDie. #SubahSamachar
