अम्बिकापुर: रामानुजगंज छठ घाट पर नहाते समय गहरे पानी में समाया किशोर, मेले में गुब्बारे बेचने आया था परिवार
शारदीय नवरात्र की महानवमी पर सोमवार को बलरामपुर जिले के रामानुजगंज में एक हृदय विदारक हादसा सामने आया। मां महामाया मंदिर के सामने स्थित छठ घाट में नहाने के दौरान गहरे पानी में चले जाने से 14 वर्षीय एक किशोर की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान झारखंड के ग्राम बंदूवा निवासी इरशाद आलम पिता इस्ताक अंसारी के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार झारखंड के डाल्टनगंज से कुछ परिवार अपने बच्चों के साथ आजीविका चलाने के लिए नवरात्र मेले में गुब्बारे बेचने रामानुजगंज आए थे। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे तक बच्चे मेला क्षेत्र में गुब्बारे बेच रहे थे। इसके बाद इरशाद अपने दो अन्य साथियों के साथ मां महामाया मंदिर के सामने छठ घाट पर नहाने चला गया। नहाते समय दोपहर करीब 1 बजे इरशाद का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में समा गया। ये भी पढ़ें:रायपुर की टायर फैक्ट्री में लगी भीषण आग: मचा हड़कंप, जान बचाकर भागे मजदूर, आसमान में छाया धुएं का गुबार साथ मौजूद बच्चों ने आनन-फानन में घाट से भागकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजनों और स्थानीय लोगों द्वारा बालक की खोजबीन शुरू की गई। दोपहर करीब 3 बजे मामले की सूचना पुलिस अधीक्षक को दी गई, जिसके बाद एसपी के निर्देश पर पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा। पुलिस के पहुंचने से पहले ही स्थानीय तैराक और गोताखोर युवक पानी में उतरकर किशोर की तलाश में जुटे हुए थे। करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शाम करीब चार बजे बालक के शव को गहरे पानी से बाहर निकाला जा सका। पर्व के माहौल और श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही के बीच हुई इस अनहोनी से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। रोजी-रोटी की तलाश में आए गरीब परिवार पर अचानक दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 19, 2026, 19:44 IST
अम्बिकापुर: रामानुजगंज छठ घाट पर नहाते समय गहरे पानी में समाया किशोर, मेले में गुब्बारे बेचने आया था परिवार #CityStates #Ambikapur #Chhattisgarh #Ramanujganj #Balrampur #ChhathGhatAccident #MahamayaTemple #NavratriFair #DeathDueToDrowningInRiver #Diver #ChhattisgarhNews #SubahSamachar
