Yamuna Nagar News: बारिश से बदला मौसम, जलभराव और फिसलन से बढ़ी लोगों की परेशानी
जगाधरी। तड़के शुरू हुई रिमझिम बारिश ने बुधवार को पूरे जिले के मौसम का मिजाज बदल दिया। सुबह से शाम करीब चार बजे तक रुक-रुककर हुई बारिश से लोगों को कई दिनों से पड़ रही उमस और झुलसा देने वाली गर्मी से बड़ी राहत मिली। बारिश से अधिकतम तापमान में दस डिग्री सेल्सियस से अधिक की गिरावट दर्ज की गई और पारा लुढ़ककर 29.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। बारिश से किसानों के चेहरे खिल गए। किसान कई दिनों से बारिश की दुआ कर रहे थे। मौसम विभाग ने तीन दिन बारिश और पूरा सप्ताह बादल छाए रहने की संभावना जताई है।इस दौरान अधिकतम ही नहीं न्यूनतम तापमान में भी कमी आई। बारिश से न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार 13 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार हवा चली, जिससे मौसम में ठंडक घुल गई। बारिश का सबसे अधिक फायदा किसानों को मिला। धान रोपाई के लिए यह बारिश बेहद लाभकारी है। खेतों में पर्याप्त नमी आने से रोपाई कार्य में तेजी आएगी और खरीफ फसलों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा। बारिश होने से किसानों के चेहरे खिल गए हैं। हालांकि बारिश के कारण लोगों को कुछ दिक्कतों का भी सामना करना पड़ा। सुबह के समय स्कूल-कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों और कार्यालयों के लिए निकले लोगों को बारिश में भीगकर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ा। कई जगह जलभराव और फिसलन से आवागमन भी प्रभावित रहा। बारिश के दौरान कई स्थानों पर पानी भरा, जिससे लोगों को गुजरने में दिक्कत हुई। इसके बावजूद मौसम सुहावना होने से लोगों के चेहरे खिल उठे। कई परिवारों और युवाओं ने पार्क व खुले स्थानों पर पहुंचकर ठंडी हवा और बारिश का लुत्फ उठाते दिखाई दिए। बाजारों में भी गर्मी से राहत मिलने के बाद लोगों की चहल-पहल देखने को मिली।कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम विशेषज्ञ डॉ. अजीत सिंह ने कहा कि मानसूनी गतिविधियां अब सक्रिय हो गई हैं। इससे अगले कुछ दिनों तक रुक-रुककर बारिश और बादल छाए रहने की संभावना है। ऐसे में लोगों को गर्मी से राहत मिलने के साथ किसानों के लिए भी मौसम अनुकूल बना रहेगा। यदि पूर्वानुमान के अनुसार बारिश जारी रहती है तो जिले में खरीफ फसलों के उत्पादन पर सकारात्मक असर पड़ने की उम्मीद है। संवाद---------------- बारिशकेदौरानमॉडलटाउनकीसड़ककिनारेभरापानी।संवाद। बारिशकेदौरानमॉडलटाउनकीसड़ककिनारेभरापानी।संवाद।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 02, 2026, 03:55 IST
Yamuna Nagar News: बारिश से बदला मौसम, जलभराव और फिसलन से बढ़ी लोगों की परेशानी #TrafficWasAlsoAffectedDueToWaterloggingAndSlipperyConditions. #SubahSamachar
