Shahjahanpur News: बिरिया बाबा मेले में ट्रैक्टर-ट्राॅलियों की भरमार, चरमराई यातायात व्यवस्था
रोडवेज अड्डे से बिरियागंज चौकी तक तीन घंटे तक लगा रहा लंबा जामसंवाद न्यूज एजेंसीतिलहर। बिरियाबाबा धाम पर रविवार को लगे मेले में सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने से नगर की यातायात व्यवस्था पटरी से उतर गई। मेले में श्रद्धालुओं के ट्रैक्टर-ट्राॅलियों की भरमार से आवागमन थमने लगा। रोडवेज बस अड्डे से लेकर बिरियागंज चौकी तक ट्रैक्टर-ट्राॅलियों समेत अन्य वाहनों की लंबी कतार लग जाने से सुबह दस बजे से दिन में एक बजे तक लंबा जाम लगा रहा। बिरिया बाबा धाम नगर समेत आसपास के गांवों में रहने वालों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रसाद चढ़ाने और मनौतियां पूरी होने पर परिवार के बच्चों के मुंडन, अन्नप्राशन आदि मांगलिक कार्य कराने आते हैं। इस बार मेले में सुबह से ही इतने श्रद्धालु विभिन्न साधनों से पहुंच गए कि धाम परिसर में काफी भीड़ हो गई। श्रद्धालुओं ने मेले में जगह नहींं बचने पर अपनी बाइकें, स्कूटी, जीप, ट्रैक्टर-ट्राॅली आदि वाहन संकरे मार्ग के किनारे रोकने शुरू कर दिए। इससे दर्जनों ट्रैक्टर-ट्राॅलियों के कारण मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गईं। जाम इतना विकट रहा कि पैदल राहगीरों को भी आगे बढ़ना मुश्किल हो गया। व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष सौरभ गुप्ता रवि और हितेश गुप्ता उर्फ रिंकू ने नगर के अंदर बड़े वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाए जाने की प्रशासन से मांग की है। सीओ ज्योति यादव ने बताया कि थाने की पुलिस को मौके पर भेज कर यातायात सामान्य करा दिया गया। उन्होंने बताया कि मेला क्षेत्र में यातायात पुलिस तैनात कर दी गई है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 29, 2026, 19:27 IST
Shahjahanpur News: बिरिया बाबा मेले में ट्रैक्टर-ट्राॅलियों की भरमार, चरमराई यातायात व्यवस्था #Tractor-TrolleysSwarmBiriaBabaFair;TrafficSystemThrownIntoChaos #SubahSamachar
