Kangra News: गर्मी से राहत के लिए पहाड़ चढ़ रहे सैलानी, धर्मशाला-मैक्लोडगंज पैक

धर्मशाला। मैदानी इलाकों में पड़ रही झुलसा देने वाली गर्मी से राहत पाने के लिए इन दिनों बड़ी संख्या में पर्यटक पहाड़ों का रुख कर रहे हैं। एक धर्मशाला और इसके आसपास के पर्यटन स्थलों पर सैलानियों का हुजूम उमड़ रहा है। वीकेंड के बाद रविवार को भी धर्मशाला और मैक्लोडगंज के होटलों में लगभग 80 फीसदी ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई। इससे पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों के चेहरे खिल उठे हैं।रविवार को पर्यटकों ने प्रमुख दर्शनीय स्थलों का जमकर लुत्फ उठाया। भागसूनाग वाटरफाल और मंदिर परिसर के साथ-साथ मैक्लोडगंज बाजार, स्थानीय कैफे और तिब्बती संस्कृति से जुड़े स्थलों पर दिनभर काफी रौनक रही। वहीं, धर्मशाला के खूबसूरत टी-गार्डन (चाय के बागानों) में पर्यटकों ने प्राकृतिक सुंदरता के बीच सैर और फोटोग्राफी का भरपूर आनंद लिया। इसके अतिरिक्त शहीद स्मारक में भी सैलानियों की आवाजाही लगातार बढ़ी है। यहां आने वाले लोग देश के वीर जवानों को श्रद्धांजलि देने के साथ-साथ परिसर की सुंदरता को निहार रहे हैं। बच्चों व युवाओं में सेल्फी को लेकर खासा उत्साह दिखा। पर्यटन कारोबारियों का कहना है कि सीजन अपने शिखर पर है। पर्यटकों की तादाद बढ़ने से होटल, टैक्सी, रेस्टोरेंट और स्थानीय व्यापारियों का कारोबार चमक उठा है। स्मार्ट सिटी होटल एवं रेस्तरां एसोसिएशन धर्मशाला के अध्यक्ष राहुल धीमान ने बताया कि रविवार को 80 फीसदी होटल बुकिंग दर्ज की गई है। सीजन पीक पर होने के चलते रोजाना होटलों में बहुत अच्छी ऑक्यूपेंसी मिल रही है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 07, 2026, 19:25 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Kangra News: गर्मी से राहत के लिए पहाड़ चढ़ रहे सैलानी, धर्मशाला-मैक्लोडगंज पैक #KangraNews #TodayKangraNews #KangraHindiNews #SubahSamachar