Una News: हफ्तेभर में ही टमाटर के दोगुना हो गए दाम
ऊना। हफ्तेभर में ही टमाटर के दाम दोगुना हो गए हैं। टमाटर के दाम 40 से सीधे 80 रुपये तक पहुंचे हैं। वहीं प्याज भी 10 रुपये महंगा हुआ जिससे रसोई का बजट बिगड़ गया है। कुछ समय पहले तक टमाटर 40 रुपये प्रति किलो और प्याज 30 रुपये प्रति किलो बिक रहा था। गृहिणियों का कहना है कि लगभग हर सब्जी में टमाटर और प्याज का इस्तेमाल होता है। इनके बिना कोई भी सब्जी व पकवान बनाना मुश्किल हो जाता है। दाम बढ़ने से अब लोगों को रसोई का खर्च कम करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। बाजार में खरीदारी करने पहुंचे उपभोक्ताओं ने बताया कि महंगाई का असर सीधे रसोई पर पड़ रहा है। सब्जियों के बढ़ते दामों से हर दिन का भोजन तैयार करना पहले की तुलना में अधिक महंगा हो गया है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द कीमतों में राहत नहीं मिली तो घरेलू बजट पर और अधिक दबाव पड़ेगा। लोगों ने प्रशासन से आवश्यक खाद्य वस्तुओं की कीमतों पर निगरानी रखने और आम जनता को राहत दिलाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। पहले 40 रुपये किलो टमाटर खरीद लेते थे लेकिन अब 80 रुपये किलो होने से जरूरत के हिसाब से ही खरीदना पड़ रहा है। बिना टमाटर के सब्जी का स्वाद अधूरा लगता है।-पुष्पा शर्मा, गृहिणी प्याज भी 30 रुपये से बढ़कर 40 रुपये किलो हो गया है। हर दिन बनने वाली सब्जियों में प्याज और टमाटर जरूरी होते हैं। महंगाई के कारण घर का मासिक बजट बिगड़ गया है और खर्च कम करना मुश्किल हो गया है।-कविता देवी, गृहिणी
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 27, 2026, 23:25 IST
Una News: हफ्तेभर में ही टमाटर के दोगुना हो गए दाम #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar
